दुर्ग
दुर्ग, 20 जून। ग्राम नगपुरा स्थित किराना दुकान के गोडाउन में आग से झुलसकर नौकर की हुई मौत में जांच के बाद पुलगांव पुलिस ने इस घटना के लिए दुकान संचालक को दोषी मानते हुए उसके खिलाफ धारा 285, 304 ए के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलगांव थाना प्रभारी उत्तम वर्मा ने बताया कि 6 जनवरी 2021 को दोपहर को ग्राम नगपुरा स्थित मनीष चंद्राकर की किराना दुकान के गोदाम में आग लग गई थी। इस गोदाम में काम कर रहे कर्मी अक्षय कुमार यादव की आग से झुलसकर मौत हो गई थी। श्री वर्मा ने बताया कि मर्ग जांच के बाद पीएम करवाया गया था, जिसमें अक्षय की मौत आग के कारण होना बताया था। मर्ग के सम्पूर्ण जांच पर गवाहों के कथन व घटनास्थल पर जांच के बाद पाया गया है कि दुकान संचालक मनीष चंद्राकर द्वारा उपेक्षापूर्वक ढंग से एक प्लास्टिक की जरकिन में ज्वलनशील पदार्थ पेट्रोल घरेलू उपयोग के लिए गोडाउन में रखा था। मृतक अक्षय ने गोडाउन में लाइट नहीं होने के कारण माचिस या मोबाइल का उपयोग किया होगा और आग फैल गई थी।