दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 मार्च। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय द्वारा वार्षिक परीक्षाओं के नियमित एवं स्वाध्यायी विद्यार्थियों हेतु परीक्षा आवेदन फॉर्म भरने की तिथि 12 मार्च से 30 मार्च तक घोषित की गई है। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सी. एल. देवांगन ने बताया कि विश्वविद्यालय के पोर्टल पर जाकर विद्यार्थी स्नातक एवं स्नातकोत्तर वार्षिक परीक्षा हेतु नियमित अथवा स्वाध्यायी परीक्षार्थी के रूप में ऑनलाईन निर्धारित शुल्क जमा कर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। डॉ. सी. एल. देवांगन ने बताया कि विश्वविद्यालय की कुलपति द्वारा अथक प्रयास करने के बाद इस वर्ष नियमित स्वाध्यायी विद्यार्थियों को निर्धारित परीक्षा शुल्क एवं अग्रेषण शुल्क के अलावा और किसी प्रकार का जनभागीदारी शुल्क नहीं देना है।
डॉ. देवांगन ने बताया कि बीए, बी.कॉम, बीएससी, बीसीए, एमए एम. कॉम, एमएससी, (गणित), आदि कक्षाओं के लगभग 1 लाख से अधिक विद्यार्थी वार्षिक परीक्षाओं में सम्मलित होने की आशा है। डॉ. देवांगन ने बताया कि इस वर्ष कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने के कारण परीक्षा केन्द्रों में एक कक्ष में सीमित संख्या में परीक्षार्थी को बैठाने की व्यवस्था की जा रही है। प्रत्येक परीक्षार्थी को मास्क, सेनेटाईजर, तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य हैं। कुलसचिव ने बताया कि इसी वजह से इस बार वार्षिक परीक्षाओं के परीक्षा केन्द्रों की संख्या में वृद्धि की जा रही है। निर्धारित तिथि 30 मार्च तक ऑनलाईन परीक्षा आवेदन जमा न कर पाने वाले विद्यार्थियों हेतु विलंब शुल्क प्रतिदिन 100 रुपये के साथ 31 मार्च से 3 अपै्रल की तिथि निर्धारित की गई है।
परीक्षा आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि सुधारने हेतु 4 अप्रैल से 6 अप्रैल के बीच की तिथि में परीक्षार्थी को 120 रुपये देना होगा। महाविद्यालयों में ऑनलाईन आवेदन पत्र की हार्डकापी जमा करने की अंतिम तिथि 8 अपै्रल निर्धारित की गई है। हार्डकापी के साथ परीक्षार्थी महाविद्यालय में 30 रुपये अग्रेषण शुल्क भी नकद जमा करेगा. ऑनलाईन परीक्षा आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर आवेदक दुर्ग विश्वविद्यालय के टेक्नीकल हेल्प डेस्क 72259-40167 तथा 97133-87094 में सम्पर्क कर सकते हैं।