दुर्ग
दुर्ग, 29 नवंबर। मानसिक रूप से कमजोर और दिव्यांग बालिका से रेप के मामले में दुर्ग की विशेष पॉक्सो कोर्ट ने आरोपी को सजा सुनाई है। अपर सत्र न्यायाधीश अनीश दुबे की कोर्ट ने आरोपी को पाक्सो एक्ट की धारा 5 (ठ) की धारा 6 के तहत 20 वर्ष सश्रम कारावास, 1000 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड अदा ना करने पर एक वर्ष के अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा दी है।
अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक रूप वर्षा दिल्लीवार ने पैरवी की थी। उन्होंने बताया कि नेवई थाना क्षेत्र में आरोपी तुकाराम निषाद 30 वर्ष पीडि़ता के घर के सामने किराए के मकान में रहता था। 13 वर्षीय पीडि़ता मानसिक रूप से कमजोर थी और अक्सर आरोपी के घर उसके बच्चों के साथ खेलने जाती थी। इसी दौरान आरोपी ने उसकी मानसिक स्थिति और कम उम्र का फायदा उठाकर उसके साथ गलत कृत्य किया। यह सिलसिला 20 फरवरी से 18 अप्रैल 2026 के बीच चलता रहा। विवेचना के दौरान पीडि़ता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया था। अदालत ने गवाहों के बयान, चिकित्सकीय रिपोर्ट और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दोषी पाया था।