दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 29 नवंबर। आगामी रिसाली नगर निगम चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी के समस्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की जिला स्तरीय बैठक जिला भाजपा कार्यालय में संपन्न हुई। यह बैठक दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक की अध्यक्षता तथा रिसाली नगर निगम चुनाव प्रभारी और छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव की मुख्य उपस्थिति में आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए रिसाली नगर निगम चुनाव प्रभारी अनुराग सिंह देव ने कहा कि पार्टी के सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठों में समाज के विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व है और प्रत्येक इकाई की अपनी विशेष भूमिका है। उन्होंने पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर समाज के हर वर्ग तक पहुंचने और सामूहिक समन्वय के साथ पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
वहीं, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के बल पर पार्टी चुनावी मैदान में उतरेगी। उन्होंने मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने को कहा।
बैठक के दौरान आगामी चुनाव के लिए रणनीति तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया और पदाधिकारियों से सुझाव भी लिए गए। अंत में उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन द्वारा सौंपे गए चुनावी दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला महामंत्री विनोद अरोरा, जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक दिनेश देवांगन एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री साजन जोसेफ सहित विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के जिला पदाधिकारी मौजूद रहे।