दुर्ग
दुर्ग, 23 नवंबर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने तीन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों और दो अपचारी बालकों को पकड़ा है। इनके कब्जे से कुल 5.366 किलोग्राम गांजा, 3,990 रुपये नकद और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, नेवई थाना क्षेत्र के मौहारी मरोदा में गोपी राव उर्फ विक्की को घर के आंगन में गांजा बेचते पकड़ा गया। उसके कब्जे से 1.322 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है।
वहीं मोहन नगर पुलिस ने धमधा रोड स्थित सब्जी मंडी में कार्रवाई कर धनेश्वर मानिकपुरी और दो अपचारी बालकों को पकड़ा। इस दौरान 2.028 किलोग्राम गांजा और नकदी जब्त की गई। पुलिस को देखकर मौके से भागे ग्रीन चौक निवासी राहुल गाड़ा की तलाश की जा रही है।
इसी तरह पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने अनुदा पेट्रोल पंप के पीछे मानसरोवर कॉलोनी स्थित एक मकान के स्टोर रूम में दबिश देकर चैतन्य बाघ और हरीश मुगरी को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 2.016 किलोग्राम गांजा और नकदी बरामद की गई। तीनों मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।