दुर्ग
दुर्ग, 18 नवंबर। इन दिनों मोटरसाइकिल चोरी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अलग-अलग थाना में प्रार्थियों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है। दोनों ही मामले में पुलिस जांच में जुटी हुई है। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रार्थी मोहम्मद अली हाशमी ने शिकायत दर्ज कराया कि वह पोलसाय पारा चौक जनता रूई भंडार के बाजू में रहता है और कंप्यूटर का काम करता है। 4 नवंबर की रात में उसने अपनी मोटरसाइकिल को घर के गेट के सामने खड़ी कर दिया था और सोने चला गया था। दूसरे दिन सुबह मॉर्निंग वॉक कर जब वह वापस आया तब उसकी गाड़ी घर के सामने खड़ी हुई थी। इसके बाद जब प्रार्थी 9 बजे अपने काम पर जाने के लिए घर से निकला तो देखा उसकी मोटरसाइकिल पैशन प्लस सीजी 07 एल एल 0878 खड़े किए जगह पर नहीं थी। अज्ञात आरोपी ने दिनदहाड़े मोटरसाइकिल की चोरी कर ली। इसी तरह प्रार्थी गिरीश कुमार खुटियारे ने थाना उतई में शिकायत दर्ज कराई है कि वह भिलाई इस्पात संयंत्र में ठेकेदारी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है। 15 नवंबर को अपने घर से भिलाई इस्पात संयंत्र काम करने जा रहा था। जब वह जोरा तराई पहुंचा तब उसने नहर के ऊपर शराब भट्टी के सामने अपनी मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर सी जी 07 डी जी 5884 को खड़ी कर दिया और शराब लेने गया हुआ था। शराब लेकर वापस आया तो देखा अज्ञात आरोपी ने उसकी मोटरसाइकिल की चोरी कर ली है।
आसपास पता तलाश करने के बाद जब उसकी गाड़ी नहीं मिली तब प्रार्थी ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। दोनों ही मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 303 (2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।