दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 1 अक्टूबर। खेती किसानी और ठेकेदारी का काम करने वाले प्रार्थी के खेत में बने गोदाम से आरोपियों ने एचपी 3 फेस मोटर, कांक्रीट वाइब्रेटर 1 एचपी सिंगल फेस, हाइड्रोलिक जैक, बेंड पाइप, अल्युमिनियम अर्थिंग केवल सहित अन्य सामानों की चोरी कर ली।
मौके पर प्रार्थी पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और सामान लेकर फरार हो गए। प्रार्थी की शिकायत पर पुल गांव पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 3 (5), 307, 331 (4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया की प्रार्थी विमल कुमार ताम्रकार का ग्राम समोदा नदी रोड स्थित खेत में गोदाम है जो प्रोफाइल सीट से बना हुआ है। उसमें प्रार्थी अपना सिविल ठेकेदारी का सामान रखता है और उसने निगरानी के लिए खंबे में एक कैमरा लगा कर रखा हुआ है जिसका कनेक्शन मोबाइल से है।
28 सितंबर की रात 11.30 बजे मोबाइल से देखने पर उसके गोदाम में कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दी। तब अपने भतीजे अभिजीत ताम्रकार के साथ अपने निवास तमेर पारा दुर्ग से ग्राम समोदा गोदाम के लिए निकला। वे लोग रात लगभग 12.15 बजे ग्राम समोदा पहुंचे। वहां जाकर देखे तो कुछ लोग सामान चोरी कर ले जा रहे थे। पकडऩे की कोशिश की गई तो एक चोर ने जो उसके गांव का लोकेश चंद्राकर था,ने किसी लोहे के पाइप से प्रार्थी के पैर पर मारकर चोट पहुंचाई। आरोपी के लोकेश साथ गांव के भगवान देशमुख एवं अन्य लोग भी थे जो सभी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। आरोपियों ने गोदाम में रखे लगभग 98,000 रुपए के सामान की चोरी कर ली।