दुर्ग

नवकार राइस मिल में खाद्य टीम की दबिश
26-Sep-2026 5:58 PM
नवकार राइस मिल में खाद्य टीम की दबिश

चावल जमा नहीं करने पर मिलर्स को नोटिस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 सितंबर।
नवकार राइस मिल कोलिहापुरी में खाद्य विभाग की टीम ने दबिश देकर जांच की। जांच के दौरान मिलिंग के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर स्टाक में मौजूद धान व चावल जब्त किया गया।
विभाग ने धान उठाव कर कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं करने वाले राइस मिलर्स को नोटिस जारी किया है। जानकारी के अनुसार जिले के 36 मिलर्स ने बस्तर जिले में उपार्जित धान का कस्टम मिलिंग के लिए उठाव किया है। जिन्होंने बस्तर व दुर्ग दोनों जिले में नान में कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं किया। जिसके लिए उन्हें नोटिस जारी किया गया है। इसी तारतम्य में कार्रवाई करते हुए नवकार राइस मिल, ग्राम कोलिहापुरी, दुर्ग में कस्टम मिलिंग वर्ष 2025-26 का चावल जमा नहीं करने के संबंध में जांच की गई।
मिल परिसर में उपलब्ध शासकीय धान के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। अभिलेखानुसार अपेक्षित स्टॉक एवं मौके पर उपलब्ध स्टॉक का मिलान करने पर स्टॉक बराबर पाया गया। मौके पर 16,571.20 क्विंटल धान, 102 क्विंटल चावल तथा 480 क्विंटल पाखड़ धान पाया गया। मिल संचालक द्वारा धान की मिलिंग एवं जमा प्रक्रिया समय पर पूर्ण नहीं होने का कारण मिल की मशीनरी संबंधी समस्या एवं बारिश के कारण मिलिंग प्रभावित होना बताया गया।
उक्त मिलर्स द्वारा निर्धारित समय में धान की मिलिंग कर जमा नहीं किए जाने के कारण उपलब्ध स्टॉक का पंचनामा तैयार कर छग कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की गई। कलेक्टर ने कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं करने वाले मिलर्स के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी है। खाद्य नियंत्रक अनुराग सिंह भदौरिया का कहना है कि कलेक्टर के निर्देशानुसार चावल जमा नहीं करने वाले मिलर्स के खिलाफ आगे भी जांच की कार्रवाई होगी।


अन्य पोस्ट