दुर्ग

नवविवाहिता ने की खुदकुशी
06-Jun-2026 8:52 PM
 नवविवाहिता ने की खुदकुशी

दुर्ग, 6 जून। मिलावट पारा केनाल रोड थाना खुर्सीपार निवासी 21 वर्षीय गर्भवती नव विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका विजयलक्ष्मी साहू उफऱ् पायल 3 माह की गर्भवती थी। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। मृतका के पास एक सुसाइडल नोट भी मिला है जिसके हैंडराइटिंग की जांच पुलिस कर रही है। आत्महत्या के कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।  जानकारी के मुताबिक गुरुवार को विजयलक्ष्मी सामान्य स्थिति में थी। शाम को ही उसकी मां उससे मिलने आई हुई थी। उस समय विजयलक्ष्मी रसोई का काम कर रही थी और परिवार के सदस्यों से भी सामान्य बातचीत कर रही थी। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं निकली तब परिवार वालों ने आवाज दी तो कमरे से कोई आहट नहीं हुई। इस पर परिवार के सदस्य उसके कमरे में पहुंचे दरवाजा अंदर से बंद नहीं था। दरवाजा खोलकर देखा तो विजयलक्ष्मी फांसी के फंदे पर झूल रही थी। परिवार वालों ने बताया कि लक्ष्मी ओपन स्कूल से 12 वीं की परीक्षा देने की तैयारी भी कर रही थी।
 विजयलक्ष्मी और शुभम प्रधान ने प्रेम विवाह किया था, दोनों ने आर्य समाज में शादी की थी। शादी के बाद दोनों के बीच किसी प्रकार का कोई विवाद सामने नहीं आया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट