दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 24 अप्रैल। जिला पुलिस प्रशासन द्वारा अपराधियों और लंबे समय से फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में सुपेला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 5 पुरुष और 1 महिला स्थाई वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
न्यायालय द्वारा जारी वारंटों की तामिली के लिए जिले में सतत निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में सुपेला थाना क्षेत्र में लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे वारंटियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी। मुखबिरों से प्राप्त सूचना और टीम के आपसी समन्वय के कारण पुलिस इन आरोपियों तक पहुँचने में कामयाब रही।
पकड़े गए आरोपी विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित थे और वारंट जारी होने के बावजूद कोर्ट में पेश नहीं हो रहे थे। गिरफ्तार किए गए वारंटियों में विनोद बघेल निवासी पुरानी बस्ती सुपेला, फुलचंद देशलहरे उर्फ बिट्टू निवासी सुपेला, ?विशाल तांडी उर्फ गुड्डू निवासी सुपेला भिलाई, अवतार सिंह उर्फ खत्तर उर्फ बन्नी निवासी सुपेला भिलाई, राजा खरे निवासी सुपेला, ईशा उर्फ इश्वरी खोब्रागढ़े (38 वर्ष) निवासी नेहरू नगर, सुपेला भिलाई शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई और उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


