दुर्ग
दुर्ग, 26 फरवरी। घर से निकल कर गाड़ी में पेट्रोल भरवाने जा रही महिला की एक्टिवा को स्कूल बस चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। इससे महिला को चोटें आई और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया। प्रार्थी की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ धारा 184, 125 ए, 281 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी गौरव टेम्भुरकर ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी बहन रिया टेम्भुरकर अपने घर से निकलकर चोपड़ा पेट्रोल पंप आदर्श नगर दुर्ग में अपनी एक्टिवा सीजी 07 ए टी 2586 में पेट्रोल डलवाने जा रही थी। चोपड़ा पैलेस के सामने आदर्श नगर में पीछे से आ रही केपीएस स्कूल की बस सीजी 07 बी एम 5663 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक खतरनाक ढंग से वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। इससे रिया एक्टिवा सहित दूर जा गिरी। उसके हाथ, पैर, चेहरे आदि में चोटें आई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत इलाज के लिए जेमिनी हॉस्पिटल पोटिया रोड ले जाकर भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


