दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 फरवरी। जनपद पंचायत दुर्ग में जनपद उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी की अध्यक्षता में स्थायी शिक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें रसोइया के हड़ताल के चलते बच्चों का विगत महीने से मध्यान्ह भोजन बंद होने का मुद्दा छाया रहा। अधिकारियों को बंद मध्यान्ह भोजन शुरू करने हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए।
बैठक में शिक्षा विभाग कि समीक्षा करते हुए पाया गया पूरे दुर्ग ब्लॉक में 18 स्कूलों में रसोइयों की हड़ताल के चलते बच्चों का विगत महीने से मध्यान्ह भोजन बंद है। अध्यक्ष द्वारा मध्यान्ह भोजन बंद कि स्थिति को शुरू करने के लिए हर संभव प्रयास करने के लिए निर्देशित किया। वहीं स्कूलों में होने वाले राष्ट्रीय प्रवीण्य सहसाधन परीक्षा जिसमें 9वीं से बारहवीं तक के बच्चों को प्रतिमाह 1000 छात्रवृत्ति का प्रावधान है जिसमें विगत पांच वर्षों से प्रतिभागी स्कूलों को चिन्हांकित कर प्रतिभागी नहीं होने वाले स्कूलों को प्रधान पाठकों की बैठक लेकर बच्चों कि सहभागिता नहीं लेने का कारण की जानकारी मंगाए जाने निर्देशित किया गया और प्रत्येक स्कूल को इस परीक्षा में सम्मिलित करने पर जोर दिये जाने का प्रस्ताव लिया गया।
समाज कल्याण द्वारा 78 हितग्राहियों का विभिन्न पेंशन के लिए प्रस्ताव पारित कर स्वीकृति के लिए भेजा गया, आदिमजाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बाल सुरक्षा योजना के अंतर्गत प्रयास छात्रावास जिसमें 1063 बच्चे अध्ययनरत हैं जिसका निरीक्षण स्वयं अध्यक्ष व सदस्यों द्वारा वहां जाकर गतिविधियों की जानकारी के लिए जाने प्रस्ताव पारित किया गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं कि जानकारी ली गई। बैठक में जनपद सदस्य अजीत चन्द्राकर, बिन्दु देशलहरे विभागीय अधिकारी राजेश्वरी चन्द्राकर, भूपेंद्र हिरवानी, अर्जुन देवांगन, अजय तिवारी, ईश्वर नागदेव आदि उपस्थित रहे।


