दुर्ग

61 हजार की लूट, आरोपी फरार
09-Aug-2025 5:09 PM
61 हजार की लूट, आरोपी फरार

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
दुर्ग, 9 अगस्त।
लिफ्ट देने के बहाने प्रार्थी के साथ आरोपियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने पहले लिफ्ट दिया और सूनसान जगह पर ले जाकर मारपीट की और उसके बाद उसके पास रखे 61 हजार रुपए को लूट लिया और उसके बाद सभी आरोपी फरार हो गए। प्रार्थी ने पुलगांव थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में पुलगांव पुलिस ने बीएनएस की धारा 309(6) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि धमधा निवासी विश्वजीत मन्ना मछली बीज का व्यापार करता है। 6 अगस्त की दोपहर 12 बजे मछली बीज को लेकर आईचर वाहन में धमधा से धमतरी गया था। धमतरी में मछली बीज को बेचकर वहां से 61,530 रुपए  लेकर वापस दुर्ग बस स्टैंड में रात्रि करीबन 9.40 बजे पहुंचा। दुर्ग बस स्टैंड से आटो करके ग्रीन चौक पहुंचा। ग्रीन चौक में गाड़ी का इंतजार कर रहा था, लेकिन धमधा जाने के लिए कोई गाड़ी नहीं मिल रही थी। इसी दौरान ग्रीन चौक एक बाईक में दो लड़के आये और पूछा कि कहां जाना है। प्रार्थी विश्वजीत मन्ना बोला कि मुझे धमधा जाना है। दोनों बोले हम खैरागढ़ जा रहे हैं आपको धमधा में छोड़ देंगे। 

विश्वजीत को उन दोनों ने अपनी बाइक के बीच में बैठाया और जब  सांई कालोनी के सामने, खण्डेलवाल राईस मिल के पास चिखली लगभग 10.15 बजे पहुंचे तो दोनों ने गाड़ी रोका और अंदर के तरफ खाली प्लाट में ले जाकर उसे जान से मारने की धमकी दी। दोनों ने विश्वजीत से मारपीट कर उसके जेब में रखी नगदी 61, 530 रुपए लूटकर फरार हो गए। इसके बाद पास में एक कार वाले से फोन लेकर उसने अपने घर पर सूचना दी। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि बाइक चलाने वाला काला कलर का शर्ट पहना हुआ था, दिखने में पतला, रंग गोरा, लगभग 18 से 20 वर्ष का लग रहा था। पीछे बैठने वाला व्यक्ति सफेद कलर का शर्ट पहना हुआ था और रंग गोरा, शरीर दुबला पतला था।


अन्य पोस्ट