दुर्ग
दुर्ग, 27 नवंबर। राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य स्तरीय फोक डांस (लोक नृत्य) प्रतियोगिता एससीईआरटी रायपुर में किया गया। प्रतियोगिता में शा.उ.मा.वि. तेलीगुण्ड्रा के विद्यार्थियों ने फोक डांस (लोक नृत्य) में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। तेलीगुण्ड्रा के विद्यार्थियों ने पंथी नृत्य को योगा से जोड़ते हुए बेहतरीन प्रस्तुति दी। पंथी नृत्य मे नवमी की श्वेता, टोमांसिक, नंदिनी, भाविका, थानेश्वरी तथा पीयांशी की आकर्षक प्रस्तुति रही। लोक नृत्य की गाइड टीचर स्कूल की प्राचार्य कुमुद साहू थी। तेलीगुण्ड्रा स्कूल के विजेता बच्चे अब राष्ट्रीय स्पर्धा में भाग लेंगे, जो जनवरी में होने की संभावना है।यह बता दें कि राज्य स्तरीय इस स्पर्धा में प्रत्येक संभाग की एक-एक टीम भाग ली थी। जिसमें दुर्ग संभाग की टीम विजेता रही।तेलीगुण्ड्रा के छात्रों की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर ने विजेता टीम को शुभकामनाएं प्रेषित की है। दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तेलीगुण्ड्रा के विद्यार्थियों ने लोक नृत्य को एक नई ऊंचाई दी है। विकासखंड, जिला,जोन तथा संभाग स्तर के बाद अब राज्य स्तर में भी उन्होंने परचम लहराया है। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में ऐसी गतिविधियों के माध्यम से जनसंख्या शिक्षा के नए पर्सपेक्टिव की समझ को विकसित करना और जन-जन को जागरूक करना है। नए परिप्रेक्ष्य में जनसंख्या शिक्षा अब केवल जनसंख्या नियंत्रण या संख्या घटने तक सीमित नहीं है बल्कि यह मानव पूंजी के विकास,जीवन की गुणवत्ता और अधिकारों पर आधारित दृष्टिकोण की बात करता है इस शिक्षा का उद्देश्य युवा शक्ति को कुशल और रोजगार योग्य बना कर देश के आर्थिक विकास में भागीदारी बनाना है ।
नया दृष्टिकोण बच्चों को यह सिखाता है कि कैसे बढ़ते आबादी और नियोजित शहरीकरण पर्यावरण को प्रभावित करते हैं और कैसे एक संतुलित आबादी के जरिए भविष्य को सुरक्षित रखा जा सकता है।