दुर्ग

देवेंद्र यादव के नवनियुक्त विधायक प्रतिनिधि पर मारपीट का आरोप, एफआईआर
07-Apr-2025 2:57 PM
देवेंद्र यादव के नवनियुक्त विधायक प्रतिनिधि पर मारपीट का आरोप, एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 7 अप्रैल। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के नवनियुक्त प्रतिनिधि निरंजन बिसाई और उसके दो साथियों के साथ पोस्टर में नाम फोटो न डालने को लेकर मारपीट करने का आरोप लगा है। वैशाली नगर पुलिस ने शिकायत पर अपराध दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार सिम्हाद्री बिसाई निवासी नेहरू नगर अटल आवास वार्ड-4 थाना सुपेला ने वैशाली नगर थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि 6 अप्रैल को दोपहर 2 बजे जवाहर नगर स्थित बेन्थो उडिय़ा समाज के श्रीसिंधु पटरानी मंदिर में प्रसाद वितरण का कार्य चल रहा था। प्रसाद वितरण मंदिर समिति के द्वारा किया जा रहा था। उस जगह पर मंदिर समिति ने अपना एक बैनर भी लगाया हुआ था।

इसी दौरान वहां विधायक प्रतिनिध निरंजन बिसाई अपने साथी जुटिष्टी बिसाई उर्फ राजू और अन्य दो तीन लोगों के साथ वहां पहुंच गया। उसने देखा कि वहां लगे बैनर पोस्टर में उसका नाम-फोटो नहीं है। इस पर वो काफी आक्रोशित हो गया। उसने मंदिर में लगे बैनर को हटा दिया और वहां पर निरंजन बिसाई विधायक प्रतिनिधि वाला बैनर पोस्टर लगा दिया।

इस हरकत से कार्यक्रम में मौजूद समाज के लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने इसका विरोध किया तो निरंजन बिसाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर वहां मारपीट शुरू कर दी। उसने सिम्हाद्री बिसाई और हरी दलाई को बुरी तरह पीटा। उन्हें काफी चोंटे आई है। लोगों को जान से मारने की धमकी देकर विधायक प्रतिनिधि वहां से निकल गया।

 

ज्ञात हो कि इस घटना के बाद से बेन्थो उडिय़ा समाज में काफी आक्रोश है। बड़ी संख्या में आक्रोशित उडिय़ा समाज के लोगों ने वैशाली नगर थाना का घेराव कर दिया। पुलिस ने उन्हें काफी समझाया। लोग वहां नारेबाजी कर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज करने की मांग कर रहे थे। इसके बाद वैशाली नगर पुलिस ने विधायक प्रतिनिधि निरंजन बिसाई, जुटिष्टी बिसाई उर्फ राजू सहित अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।

विधायक प्रतिनिधि निरंजन बिसाई ने इस घटना पर बताया कि बेन्थो उडिय़ा समाज का नवमीं को भंडारा था। शिकायतकर्ता के साथ मिलकर समाज के कुछ बड़े लोगों ने माहौल खराब करने का काम किया। उन्होंने भंडारे में जबरदस्ती मंदिर समिति के आयोजन का बोर्ड लगा दिया। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई तो वो लोग झगड़ा करने लगे।


अन्य पोस्ट