दुर्ग

आदेश के बावजूद पैसे लेकर दिया गया राशन, कलेक्टर से शिकायत
13-Jul-2022 3:03 PM
आदेश के बावजूद पैसे लेकर दिया गया राशन, कलेक्टर से शिकायत

दो महीने बीते पर किसी उपभोक्ता को नहीं लौटाए रुपए, केंद्र कोटे का राशन भी नहीं दिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 13 जुलाई।
कलेक्टर दुर्ग को ज्ञापन सौंप कांग्रेस नेता अली हुसैन सिद्दीकी ने उपभोक्ताओं को अतिशीघ्र रूपये लौटाने की मांग की है।
श्री सिद्दीकी ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार विगत कोरोना काल से नि:शुल्क चावल का वितरण दुर्ग जिले के सभी शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में किया जा रहा है लेकिन अप्रैल माह के चावल का वितरण 1 रुपए प्रति किलो की दर से किया गया है और विगत दो माह पश्चात भी राशन कार्ड धारियों का पैसा वापस या समायोजन नहीं किया गया है।

गौरतलब हो कि जिला कांग्रेस कमेटी आरटीआई विभाग के जिला अध्यक्ष अली हुसैन सिद्दीकी ने दुर्ग कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपा। जिसमें उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार विगत कोरोना काल से नि:शुल्क चावल का वितरण दुर्ग जिले के सभी शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में किया जा रहा है, लेकिन अप्रैल माह के चावल का वितरण 1 रुपए प्रति किलो की दर से लिया गया है। दो माह पश्चात भी राशन कार्डधारियों का पैसा वापसी या समायोजन नहीं किया है। उस माह का केंद्र के कोटे का राशन भी वितरण नहीं किया गया है। उन्होंने शिकायत पत्र में इस बात का भी जिक्र किया है कि इसकी जानकारी खाद्य अधिकारियों को भी है लेकिन शासकीय उचित मूल्य की दुकान संचालकों से लेनदेन कर मामले को दबा दिया गया है।
 


अन्य पोस्ट