दुर्ग

रत्नावली ने अजा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष लिलोठिया से दिल्ली में की भेंट
13-Jul-2022 2:52 PM
रत्नावली ने अजा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष लिलोठिया से दिल्ली में की भेंट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 13 जुलाई।
अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण छत्तीसगढ़ शासन की सदस्य, महिला कांग्रेस कमेटी महासचिव एवं हिंद सेना महिला ब्रिगेड राष्ट्रीय अध्यक्ष रत्नावली कौशल ने दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश लिलोठिया से मुलाकात की और छत्तीसगढ़ आने का न्यौता भी दिया, जिसे स्वीकार करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि बहुत जल्द वो छत्तीसगढ़ आएंगे।  

रत्नावली कौशल ने बताया कि राजेश लिठोलिया ने कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व सम्हालने के बाद अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को पुन: कांग्रेस की मुख्यधारा से जोडऩे की दिशा में मजबूती के साथ कदम उठाए हैं। श्री लिठोलिया के समर्पित प्रयासों के चलते ही छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में निवासरत अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों में उत्साह का का वातावरण है। खासकर इस वर्ग के युवा बहुत ज्यादा उत्साहित हैं। इसी वजह से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और भी मजबूत हो कर उभर रही है।

मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार और उनके द्वारा प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के लिए किए जा रहे जनहित के कार्यों की खूब प्रशंसा की और प्रदेश संगठन  में चल रही चुनावी तैयारियों के विषय में भी बात की।
रत्नावली कौशल ने भी भूपेश बघेल सरकार के द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान में सरकार के द्वारा किसानों के मेहनत का मान रखते हुए देश में सबसे ज्यादा कीमत में धान खरीदी की जा रही है। लोगों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए गोबर खरीदी के साथ ही अब गौ मूत्र की भी खरीदी की योजना है। नगरीय निकायों में अतिक्रमित भूमि को फ्री होल्ड करने और लोगों को जमीन मालिक बनाने की योजना का भी जनता ने स्वागत किया है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी आश्रय योजना, पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान राशि को बढ़ाने, धान से एथेनाल बनाने की प्रक्रिया सहित कई नई योजनाएँ अपने अंतिम चरण में हैं।
 प्रदेश के गरीब तबके के छोटे बच्चों के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय की योजना की सफलता पूरे देश के लिए एक मिसाल बन गई है।

श्री लिलोठिया को छत्तीसगढ़ आने का न्यौता देते हुए रत्नावली कौशल ने अनुसूचित जाति प्राधिकरण की योजनाओं के आलावा महिला कांग्रेस कमेटी के साथ ही अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भूपेश बघेल सरकार द्वारा अनुसूचित जाति के लोगों के कल्याण एवं सर्वागीण विकास के लिए चलाए जा रहे उत्कृष्ट कार्यक्रमों एवं योजनाओं से लोगों को लाभान्वित कराने के लिए सक्रियता से जुट गई हैं। मुख्यमंत्री श्री बघेल छत्तीसगढ़ की महिलाओं के उत्थान के लिए भी समर्पित भाव से काम कर रहे हैं। राज्य की महिलाएं समूह बनाकर छग की कांग्रेस सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेकर राष्ट्रीय स्तर पर नारी शक्ति का मान बढ़ा रही हैं। महिलाएं कुटीर उद्योग, मत्स्य पालन, कुक्कुर पालन व्यवसाय आदि अपनाकर आर्थिक रूप से सुगठित हो रही हैं।

सुश्री कौशल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के माध्यम से प्रियंका गांधी को कांग्रेस में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं के लिए सुरक्षित करने के प्रयोग जैसे कदम को प्रशंसनीय बताते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।


अन्य पोस्ट