दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 13 जुलाई। पुरानी भिलाई थाना में पदस्थ दो आरक्षकों द्वारा महिला से 40 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए कैमरे में कैद होने का मामला पुलिस अधीक्षक दुर्ग तक पहुंचा, जिस पर कार्रवाई करते हुए दोनों ही आरक्षकों को मंगलवार शाम जारी आदेश में निलंबित कर दिया गया है। इनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश देते हुए एसपी ने दोनों को पुलिस लाइन दुर्ग में अटैच कर दिया है।
यह मामला इस प्रकार है कि भिलाई 3 निवासी प्रार्थी जुमरातन बेगम का पंचशील नगर निवासी मोहम्मद इकबाल रसूल के साथ 4 साल पुराना रुपयों का लेन देन था। महिला परेशान होकर भिलाई 3 थाने पहुंची थी। वह मोहम्मद इकबाल रसूल के खिलाफ शिकायत करना चाहती थी, इसके पूर्व भिलाई 3 थाने में पदस्थ आरक्षक विजय सिंह एवं आरक्षक कृष्णा सिंह ने महिला को शिकायत करने से रोक लिया।
मोहम्मद रसूल से बकाया राशि वसूल करने आश्वस्त किया और वसूली की रकम का 10 प्रतिशत रिश्वत के रूप में मांग की। दोनों ही पक्षों के मध्य सौदा तय होने के बाद आरक्षक विजय सिंह एवं कृष्णा सिंह के द्वारा मोहम्मद रसूल से मुलाकात कर महिला जुमरातन बेगम बेगम को बकाया राशि 7 लाख 50 हजार रुपए दिलाने के लिए इकरारनामा बनाया गया, परंतु कुछ दिन बाद वह दोनों ही पक्षों के मध्य दोनों आरक्षकों की मध्यस्थता से साढ़े 6 लाख रुपए पर सहमति बनी। जिसकी पहली किश्त के रूप में मोहम्मद इकबाल रसूल ने साढ़े 3 लाख रुपए का भुगतान जुमरातन बेगम को किया था। दस प्रतिशत रिश्वत की राशि 40 हजार रुपए लेते हुए दोनों आरक्षक कैमरे में कैद हो गए।
इसकी शिकायत महिला के द्वारा की गई, जिस पर प्रथम दृष्टया दुर्ग पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव ने पुरानी भिलाई थाना में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 1489 विजय सिंग एवं आरक्षक क्रमांक 448 कृष्णा सिंग को तत्काल निलंबित और पृथक से विभागीय जाँच संस्थित कर दिया, तब तक इनका कार्यस्थल पुलिस लाइन दुर्ग होगा।