दुर्ग
विधायक ने जिला प्रशासन से उचित मुआवजा राशि देने की रखी मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 जुलाई। दुर्ग के शिवनाथ नदी पर बने महमरा एनीकट में बहे 14 वर्षीय तुषार का शव 30 घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम को मिल गया है। रविवार सुबह दोस्तों के साथ एनीकट घूमने गया था। वहां पैर फिसल जाने से बाढ़ की चपेट में आ गया। एसडीआरएफ की टीम ने पानी में चलने वाले हाईटेक कैमरे की मदद से उसे खोज निकाला है।
पंचशील नगर निवासी तुषार साहू अपने दो दोस्तों के साथ रविवार सुबह 9 बजे एनीकट घूमने गया था। शिवनाथ नदी का जल स्तर काफी बढ़ा हुआ था। पानी महमरा एनीकट के ऊपर से बह रहा है। उसके बाद भी वहां से मोटर साइकिल और लोगों का आना जाना हो रहा है। तुषार भी अपने दोस्तो के साथ एनीकट से पैदल उस पार जा रहा था। बाढ़ का पानी देखने के चलते वह एनीकट के किनारे-किनारे चल रहा था। अचानक उसका पैर काई वाली जगह पर पड़ गया। इससे वह फिसल गया और नदी में जा गिरा। उसके दोस्तों ने काफी शोर मचाया जब तक आसपास के लोग वहां बचाव के लिए पहुंचते तुषार गहरे पानी में डूब गया था।
इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम सभी सदस्य वोट व ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर नदी में उतरे। रविवार को शव नहीं मिलने पर सोमवार को पानी में फोटो लेने वाले कैमरे की मदद से उसे खोजा गया तो उसका शव एनीकट से कुछ दूर आगे पानी के अंदर फंसा हुआ मिला।
शव देखकर मच गई चीख-पुकार
जैसे ही एसडीआरएफ की टीम तुषार के शव को बोट में लेकर शिवनाथ घाट पर पहुंची तो वहां चीख पुकार मच गई। पूरा परिवार तुषार के शव को देखकर रोने लगा। बड़ी मुश्किल से उन्हें काबू में किया गया। इसके बाद उसके शव को पीएम के लिए भेजा गया। पीएम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
विधायक वोरा ने कहा है कि एनीकट में हुए हादसे में तुषार की अकाल मौत हो गई। उन्होंने जिला प्रशासन से नियमानुसार उचित मुआवजा, सहायता राशि देने कहा है। वोरा ने महमरा एनीकट के घाट सहित एनीकट के दोनों ओर हादसे रोकने के लिए बेहतर इंतजाम करने और प्रकाश व्यवस्था के साथ एनीकट ओवरफ्लो होने पर आवाजाही रोकने जैसी जरूरी व्यवस्थाएं करने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।