दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 जुलाई। दुर्ग के शिवनाथ नदी में बहे छात्र तुषार साहू का 24 घंटे बाद भी कोई पता नहीं लग पाया है। एसडीआरएफ की टीम ने रविार की शाम तक नदी में किशोर की तलाश की। सोमवार को फिर गोताखोरों की टीम पानी के अंदर तस्वीर लेने वाला कमरा लेकर पहुंची। अब इस विशेष कैमरे की मदद से तलाश की जा रही है।
किशोर के नदी में बहने की सूचना मिलने पर दुर्ग कोतवाली, पुलगांव पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर लोगों को महमरा एनीकट जाने से रोका। सूचना मिलते ही दुर्ग से एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।
दुर्ग कोतवाली पुलिस के मुताबिक तुषार साहू (14) पिता भागवत साहू निवासी पंचशील नगर दुर्ग अपने दो-तीन दोस्तों के साथ रविवार सुबह 9 बजे एनीकट घूमने गया था। शिवनाथ नदी का जल स्तर काफी बढ़ा हुआ था। तुषार अपने दोस्तो के साथ एनीकट से पैदल उस पार जा रहा था। बाढ़ का पानी देखने के चलते वह एनीकट के किनारे-किनारे चल रहा था। अचानक उसका पैर काई वाली जगह पर पडऩे से फिसल गया और वह नदी में जा गिरा। उसके दोस्तों ने काफी शोर मचाया जब तक आसपास के लोग वहां बचाव के लिए पहुंचते तुषार गहरे पानी में डूब गया था।
विधायक अरुण वोरा महमरा तट पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से बारिश के दौरान नदी तट पर एहतियात बरतने के लिए आवश्यक उपाय करने कहा है। अक्सर पानी के बहाव के बावजूद लोग एनीकट पार करते हैं या फिर नदी में नहाते हैं, जिसके कारण दुर्घटना हो जाती है।
वोरा ने कहा कि तत्काल नदी पर महमरा एनीकट के दोनों ओर पुलिस तैनात किया जाए, ताकि हादसे को टालने के लिए एनीकट पार करने या नहाने वालों को रोका जा सके। वोरा ने प्रशासन से कहा है कि तुषार के परिजनों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाए। इधर दुर्ग पुलिस ने अपील की है कि बारिश के कारण जल स्तर बढ़ा होने पर नदी में नहाने या एनीकट के ऊपर पानी का बहाव होने पर इसे पैदल, बाइक या कार से पार करने का प्रयास न करें, ऐसा करने पर दुर्घटना हो सकती है।