दुर्ग

सोच को ऊंची करके हम हिमालय से भी ऊंचे उठ सकते हैं- ललित प्रभ
08-Jul-2022 3:28 PM
सोच को ऊंची करके हम हिमालय से भी ऊंचे उठ सकते हैं- ललित प्रभ

जैन मंदिर में शोभायात्रा के साथ गुरुजनों और साध्वी भगवंत का मंगल प्रवेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 जुलाई।
राष्ट्र संत ललितप्रभ सागर जी महाराज ने कहा कि नकारात्मक सोच तोड़ती है, सकारात्मक सोच जोड़ती है। साधारण किस्म के लोग गिलास आधा खाली देखते हैं, समझदार लोग गिलास आधा भरा देखते हैं। ऊँचाई छूने वाले लोग गिलास पूरा भरा देखते हैं। ताड़ासन करके भी हम अपनी हाईट 2 इंच से ज्यादा नहीं बढ़ा सकते, पर सोच को ऊँची उठाकर  एवरेस्ट से भी ज्यादा ऊँचे हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि ईश्वर के घर से हम में से हर इंसान को एक बहुत बड़ी ताकत मिली है, वह है - सोचने-समझने की क्षमता। अपनी इस एक क्षमता के बलबूते इंसान संसार के समस्त प्राणियों में सबसे ऊपर है। हम सोच सकते हैं इसीलिए हम इंसान हैं। यदि हमारे जीवन से सोचने की क्षमता को अलग कर दिया जाए तो हमारी औकात किसी चैपाये जानवर से अधिक न होगी।

संतप्रवर जैन श्री संघ द्वारा बाजार के जैन मंदिर उपाश्रय में आयोजित प्रवचन माला के दौरान श्रद्धालुओं को जीने की कला सिखाते हुए संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आपकी सोच आपके विचारों को, विचार वाणी को, वाणी व्यवहार को, व्यवहार आपके व्यक्तित्व को प्रेरित और प्रभावित करता है। एक सुंदर और खूबसूरत व्यक्तित्व, व्यवहार, वाणी और विचारों का मालिक बनने के लिए अपनी सोच को कुतुबमीनार जैसी ऊँची, ताजमहल जैसी सुन्दर और देलवाड़ा के मन्दिरों जैसी खूबसूरत बनाइए। उन्होंने कहा कि सोच को सुन्दर बनाना न केवल अपने संबंध, सृजन और आभामंडल को सुन्दर तथा प्रभावी बनाने का तरीका है बल्कि सुन्दर सोच परमपिता परमेश्वर की सबसे अच्छी पूजा है।

संतश्री ने कहा कि अच्छी सोच स्वयं ही एक सुन्दर मंदिर है जहाँ से सत्यम शिवम सुन्दरम का मन लुभावन संगीत अहर्निश फूटता रहता है। सोच अगर सुन्दर है तो स्वर्ग का द्वार सदा आपके लिए खुला है। सोच के बदसूरत होते ही शैतान का हम पर राज हो जाता है। उन्होंने कहा कि एक अच्छी, सुन्दर और सकारात्मक सोच स्वयं ही महावीर का समवसरण, बुद्ध का स्वर्ण-कमल, राम का रामेश्वरम और कृष्ण का वृंदावन धाम है।
राष्ट्र-संत ने सभी श्रद्धालुओं को निवेदन किया कि जरा दो मिनट के लिए इस संसार के प्रति अच्छी सोच लाकर देखिए, आपको किसी दूसरे स्वर्ग को पाने की बजाय इसी धरती को स्वर्ग जैसा सुन्दर बनाने की तमन्ना जग जाएगी। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री और अब्दुल कलाम जैसे लोग गरीब घर में पैदा होकर भी और धीरूभाई अंबानी इंटरमीडियट होकर भी शीर्ष पर पहुँच गए, तो फिर हम ही मुँह लटकाए मायूस क्यों बैठे हैं। जीवन में फिर से जोश जगाएँ और कामयाबी के आसमान को छूने के लिए अभी इसी वक्त छलांग लगा दें।

 उन्होंने कहा कि आपकी हाइट अगर साढ़े पाँच फुट की है तो ताड़ासन करके भी आप अपने सिर को छह फुट से ऊँचा नहीं कर सकते, पर आप अपनी सोच को ऊँचा उठाना चाहें तो हिमालय से भी ऊपर उठ सकते हैं।
संतप्रवर ने कहा कि संकीर्ण सोच, स्वार्थी सोच, निराशा भरी सोच, मंथरा सोच, घमंडी सोच - सोच की विकृतियाँ हैं। इन विकृतियों के झाड़-झंखारों को अपने मन के खेत से उखाड़ फेंकिए। आपके दिमाग की जमीन उपजाऊ है, नई ऊर्जा और उमंग के साथ सबको मधुर फल देने वाले बीज बोइए। उन्होंने कहा कि जिस पड़ौसी से आपको जलेसी है, जिस सास से आपको शिकायत है, जिस पिता से आपको पीड़ा है, जिस ग्राहक से आपको ग्लानि है, कृपया उनके प्रति मात्र 10 मिनट के लिए अपनी सोच को सुन्दर और सकारात्मक बनाकर देखिए, आप उन्हें गले लगाने को बावले हो उठेंगे।

इससे पूर्व राष्ट्रसंत श्री ललितप्रभ सागर जी, डॉ. मुनि शांतिप्रिय सागर जी महाराज, साध्वी दक्षा श्रीजी महाराज, साध्वी सुयशा श्रीजी महाराज, साध्वी काव्य यशा श्री जी महाराज, साध्वी रम्यक गुणा श्रीजी महाराज, साध्वी हंस कीर्ति श्रीजी महाराज, साध्वी जीत कीर्ति श्री जी महाराज, साध्वी जय कीर्ति श्रीजी महाराज के मंगल आगमन पर विद्युत मंडल गेट से शोभायात्रा निकली जो धूमधाम से जैन मंदिर पहुंची जहां पर सकल समाज के श्रद्धालु भाई बहनों द्वारा धूमधाम से स्वागत किया गया। इस दौरान युवाओं ने गुरुदेव के जयकारे लगाकर स्वागत किया। धर्म संघ की बहनों ने अक्षत उछाल कर गुरुजनों का बधावणा किया।

कार्यक्रम में जैन श्री संघ के अध्यक्ष दीपचंद देश लहरा और मूर्तिपूजक संघ के अध्यक्ष लक्ष्मी चंद बोहरा व सचिव प्रदीप गटागट, चातुर्मास समिति के अध्यक्ष मोतीलाल कोचर और सचिव चंचल पारख के साथ अनेक श्रद्धालु सदस्य विशेष रूप से उपस्थित थे।
मंच संचालन और संतों का स्वागत आभार चंचल पारख ने किया। राष्ट्रसंतों का 10 जुलाई को रायपुर में होगा महा मंगलकारी प्रवेश - राष्ट्रीय संतों ने मंगल पाठ देकर भिलाई से विहार किया। वे शुक्रवार को सुबह 8 बजे केवल्य धाम तीर्थ पहुंचेंगे। उनका 10 जुलाई रविवार को सुबह 8 बजे दादावाड़ी एमजी रोड से रायपुर शहर में भव्य मंगल प्रवेश चातुर्मास के अवसर पर होगा और शोभायात्रा के साथ गुरु जन आउटडोर स्टेडियम बुढ़ापारा पहुंचेंगे जहां उनके 52 दिवसीय विराट प्रवचन माला और सत्संग महाकुंभ का श्रीगणेश होगा जिसमें भिलाई से सैकड़ों श्रद्धालु भाई-बहन भाग लेंगे।


अन्य पोस्ट