दुर्ग
45 हजार लेते हुए बना वीडियो, सस्पैंड कर एसपी ने जारी की अपील
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 जुलाई। खुदकुशी के बाद जांच और शव देने के नाम पर ऊपर तक रूपये लगने की बात कहते हुए मृतक के परिजनों से 50 हजार रूपये वसूलने वाले एसआई को एसपी ने आज सस्पैंड कर दिया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस अधिकारियों ने एक अपील भी जारी कि है, जिसमें लोगों से ग़ैरकानूनी तरीके से रूपये और रिश्वत मांगने वालों को उसकी डिमांड पूरी करने की बजाय शिकायत करने कहा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला कुम्हारी थाने में पदस्थ एसआई प्रकाश शुक्ला से जुड़ा है जिसने मर्ग जांच और शव सुपुर्दनामा के नाम पर 50 हजार की रिश्वत ली। मृतक के परिजनों ने इस लेन-देन का वीडियो बनाया और दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव को दिया। जिसे देखने के बाद एसपी ने एसआई प्रकाश शुक्ला को तत्काल लाइन अटैच कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। बताया जा रहा है कि पंजाब के फिरोजपुर जिले के जीरा थाना अंतर्गत नवरंग सिंहवाला ग्राम निवासी मनदीप सिंह (24) पिता अर्जुन सिंह ने 4 जुलाई को कुम्हारी स्थित वर्धमान एजेंसी कंडरका में फांसी लगाकर खुदकुशी की थी। मामले की मर्ग जांच कुम्हारी थाने में पदस्थ एसआई प्रकाश शुक्ला को दी गई।
परिजनों ने एसआई से जल्द जांच पूरी कर शव सुपुर्द करने की मांग की तो एसआई प्रकाश ने 50 हजार रुपए लगने की बात करते हुए जानकारी दी कि ऊपर अधिकारियों तक रूपये देने पड़ते हैं। इतने रूपये न होने की बात पर कहा कि इससे कम में काम नहीं चलेगा, ऊपर तक देना पड़ता है। पीडि़त पक्ष ने एसपी दुर्ग को फोन करके मदद की गुहार लगाई। एसपी ने उनसे कहा कि वह एसआई को रिश्वत देते हुए वीडियो बना लें। पीडि़त पक्ष ने एसआई प्रकाश शुक्ला को 45 हजार रुपए रिश्वत दिया और उसका वीडियो बनाकर एसपी को भेज दिया। मामला खुलने के बाद विभागीय जांच के भी आदेश एसपी ने दिए हैं।
एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने एक अपील जारी करते हुए कहा कि दुर्ग पुलिस ऐसी तमाम गतिविधियां जो आमजन और कानून के खिलाफ हैं, उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही हेतु प्रतिबद्ध है। ऐसा कुछ भी होने पर आम और जागरूक नागरिक होने का फर्ज अदा करते हुए इसकी शिकायत सीधे एसपी से करें।