दुर्ग

दो भाइयों ने मिलकर पीटा, मां-बेटे से भी हुई मारपीट
22-Jun-2022 3:41 PM
दो भाइयों ने मिलकर पीटा, मां-बेटे से भी हुई मारपीट

3 के खिलाफ जुर्म दर्ज

भिलाई नगर, 22 जून। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में जहां पुरानी रंजिश के चलते दो भाइयों ने मिलकर एक युवक को पीट दिया, वहीं अन्य घटना में बेटे को मारने का विरोध करने गई माँ से भी आरोपी ने जमकर मारपीट की है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना कर रही है।

खुर्सीपार थाना पुलिस ने बताया कि बाबा बालकनाथ मंदिर के पास शास्त्री नगर निवासी आशीष सुखदेवे (22 वर्ष) मंदिर के गार्डन से घूमकर वापस घर जा रहा था, तभी जैतखाम के पास सन्नी सिंह एवं उसका भाई अविनाश ने उसका रास्ता रोका और पूर्व रंजिश की बात को लेकर गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर सन्नी ने अपने हाथ में पहने कडा़ से और अविनाश ने मुक्का से मारपीट की। आशीष के सीने, हाथ, कमर एवं सिर में चोट आई है। पीटने के बाद सन्नी ने धमकी दी कि अगर रिपोर्ट लिखवाएगा तो जान से मार दूंगा।

आशीष के पिता श्याम और भाभी भारती के बीच बचाव बाद आरोपी मौके से भाग निकले। दोनों के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 506 के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।
दूसरे मामले में सतनामी मोहल्ला शिवाजी नगर खुर्सीपार निवासी प्रमिला बांधे का बेटा गौतम बीती रात किराना दुकान में सामान लेने गया था। तभी मोहल्ले के गंगू ने उसे थप्पड़ मार दिया। वह रोते हुए घर आया तो प्रमिला गंगू से मारने की वजह पूछने गयी, जिससे गंगू नाराज हो गया और उसने प्रमिला को जान से मारने की धमकी देते हुए उसका हाथ मोड़ कर मारपीट की।

रिपोर्ट पर गंगू के खिलाफ खुर्सीपार पुलिस ने धारा 294, 323, 506 के तहत जुर्म दर्ज किया है।
 


अन्य पोस्ट