दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस ब्रह्माकुमारीज के बघेरा स्थित आनंद सरोवर में अत्यंत हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसमें मुख्य रुप से रत्ना नारमदेव (एल्डरमैन नगर निगम दुर्ग) डॉ अजय गोवर्धन विनोद जैन, मदन सोनी, किशोर जैन ब्रह्माकुमारी रीटा बहन, चैतन्य प्रभा बहन उपस्थित थे।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अपने विचार व्यक्त करते हुए ब्रह्माकुमारी रीटा बहन ने बताया जैसा कि नाम ही है अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस जिसका उद्देश्य सभी जन को स्वस्थ जीवन प्रदान करना है। शारिरिक, मानसिक, अध्यात्मिक, समाजिक स्वास्थ्य सब हो तो इसे ही संपूर्ण स्वास्थ्य कहा जायेगा। योग अर्थात् कनेक्शन, संबंध या जोड़ है सबसे पहला कनेक्शन शरीर से है इसलिए माइंड बॉडी कहते है दूसरा है अपने रिश्तेदारों से तीसरा प्रकृति से है।
चौथा है जगत नियंता निराकार परमपिता परमात्मा शिव के साथ वो हमें प्रजापिता बृह्मा के माध्यम से राजयोग सिखा रहे है, जिस योग से तन मन संबंध सभी स्वस्थ रहते हैं व संसार सुखमय बन जाता है। इस योग के लिए हमें एक विचार मन में करना होता है, मैं आत्मा शांत स्वरूप हूँ। इस एक संकल्प से वातावरण, वायुमंडल सभी सकारात्मक हो जाता है।
बहन रत्ना नारमदेव ने योग दिवस पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ओम शांति बोलने से मन शान्त हो जाता है। वास्तव में हम इन सब बातों से दूर हो गये है किन्तु योग हमारी पुरानी परम्परा है। योग से ही लोग पहले दीर्घायु रहते थे। ब्रह्माकुमारी संस्था के विषय में आपने कहा कि आप समय समय पर जनमानस को प्रेरित करते रहते है, आप बधाई के पात्र है। बाहर के आहार को कम करें घर के पौष्टिक आहार को जीवन में अपनाये तो जीवन स्वस्थ रहेगा।
डॉ. अजय गोवर्धन ने कहा कि योग जीवन पद्धति का हिस्सा है, योग शरीर को स्वस्थ रखता है। यह पुरानी पद्धति है, जिसे नये तरीके से लोगों के सामने पंहुचाया गया है।
बह्माकुमारी संस्था निच्छल भाव से कार्य करती रहती है, जिसकी मैं भूरी भूरी प्रशंसा करता हूं। इस स्थान पर आने से मन प्रसन्न व शान्त हो जाता है। ब्रह्माकुमारी रेणुका बहन ने भाई बहनों को योग व प्राणायाम कराया व इसके लाभ भी बताए। कार्यकम का संचालन ब्रह्माकुमारी चैतन्य प्रभा ने किया।