दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 20 जून। अपराधियों के मन में ख़ौफ़ पैदा करने के लिए बुलडोजर चलाने की परंपरा उत्तरप्रदेश से अब छत्तीसगढ़ भी पहुंच गई है। विगत रात कैम्प-1 में हुई रंजीत सिंह की हत्या के मामले में शामिल भिलाई के आरोपी भाजयुमो नेता की तीन दुकानों को पुलिस ने सील कर, दुकान के बाहर किये गये अवैध कब्जे को जेसीबी से ढहा दिया है।
आज भिलाई से यूपी सरकार के बुलडोजर मॉडल की शुरुआत हो गई है। कार्रवाई के बाद पुलिस अफसरों ने स्पष्ट किया कि पुलिस और कानून का भय अपराधियों में बना रहे, इसलिए ये कार्रवाई की गई है।
गौरतलब हो कि रामनगर क्षेत्र में भाजयुमो के महामंत्री लोकेश पांडेय की दुकान के बाहर किये गये अवैध अतिक्रमण को निगम के जेसीबी से तोड़ दिया गया है। साथ ही उसकी सांई प्लास्टिक के नाम संचालित दुकान में सीलबंदी कर दी गई है। आरोपियों ने इसी दुकान में तीन दिन पूर्व रंजीत सिंह नाम के एक युवक की हत्या की योजना तैयार की थी और फिर अपराध कारित किया। दुकान से पुलिस ने हथियार भी जब्त किया था। इस मामले के कुल सात आरोपियों में लोकेश पांडेय भी शामिल है। हत्या के बाद से लोकेश पांडेय फरार है।
राज्य शासन के आदेश के बाद अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए प्रदेश में पहली बार आरोपी की संपत्ति पर जेसीबी चलाया गया है।
विदित हो कि 18 जून की देर रात को साई नगर कैंप-1 निवासी रंजीत सिंह की हत्या कर दी गई। सफेद रंग की कार में सवार होकर पहुंचे बदमाशों ने रंजीत सिंह को बेसबॉल बैट व चाकू मार कर उसकी हत्या कर दी और शव को सुपेला शास्त्री अस्पताल के पास फेंक कर भाग गए थे। इस हत्या के मामले में अब तक पुलिस ने पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है, वहीं हत्या में शामिल भाजयुमो नेता लोकेश पाण्डेय व अन्य एक आरोपी फरार है।
दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि हत्या की पूरी प्लानिंग लोकेश पाण्डेय की दुकान में बैठ कर की गई थी। रात को दुकान से ही सभी रवाना हुए और अपने घर के पास दोस्तों के साथ बैठे रंजीत सिंह को डंडे व चाकू से मारा था। इस घटना के बाद पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है, वहीं लोकेश पाण्डेय व एक अन्य फरार है, चूंकि हत्या की प्लानिंग लोकेश पाण्डेय की दुकान से हुई थी, इसलिए दुकान को सील कर दिया गया है।