दुर्ग

तीन जिलों के 8 ज्वेलर्स को नकली जेवर देकर असली ले जाने वाले गिरोह के 4 गिरफ्तार
19-Jun-2022 1:53 PM
तीन जिलों के 8 ज्वेलर्स को नकली जेवर देकर असली ले जाने वाले गिरोह के 4 गिरफ्तार

यूपी से आकर छत्तीसगढ़ में ठगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर / दुर्ग, 19 जून।
छत्तीसगढ़ में दुर्ग, रायपुर एवं बिलासपुर में करीबन आठ ज्वेलरी शॉप में नकली जेवर देकर असली सोना ले ठगी करने वाले अन्तरराज्यीय गिरोह को पुलिस ने धरदबोचा है। आरोपियों के कब्जे से लाखों के जेवर एवं कागजात जब्त हुए हैं।

दुर्ग शहर में 2 दिनों में दो ज्वेलर्स के साथ ठगी की घटना को आरोपियों ने अंजाम दिया और दो जोड़ों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों ने दुर्ग के आलावा रायपुर एवं बिलासपुर में भी करीबन आधा दर्जन से ज्यादा ज्वेलर्स से ठगी की है। गिरोह से ढाई लाख रुपए के जेवरात एवं दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

दुर्ग पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव ने पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रार्थी सहेली ज्वेलर्स, दुर्ग के मोहित जैन पिता देवेन्द्र जैन (33) निवासी ब्राम्हणपारा दुर्ग द्वारा 17 जून को को थाना दुर्ग में रिपोर्ट दर्ज करायी गई कि उसकी दुकान में एक महिला सुनिता देवी सोने का टाप्स खरीदने आई। महिला को सोने का टाप्स दिखाया तो उसे पसंद आ गया। महिला ने पुराने सोने के जेवर देकर सोने का नया जेवर बदली कर लिया और जेवर एवं बिल लेकर चले गयी। महिला द्वारा दिए गए पुराने जेवर को सुनार से चेक कराया तो वह सोना नकली निकला।

इसी तरह 16 जून को महावीर ज्वेलर्स में भी किसी महिला द्वारा पुराने जेवर दुकान में बदली कर नया जेवर ले जाया गया था। महिला द्वारा दिया गया पुराना जेवर नकली पाया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना दुर्ग में धारा 420, 34 अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज एवं दुर्ग के लगभग सभी लॉज को चेक किया गया। आरोपियों की पतासाजी के दौरान स्टेशन रोड दुर्ग में स्थित लाखे लाज में सुनिता नामक संदिग्ध महिला मिली, जिसे थाना लाया गया एवं पूछताछ की गयी।

महिला ने बताया कि उसका पति संजय कुमार एवं पति का दोस्त पिंटू तथा पिण्टू की पत्नी रेशमी सभी लोग मिलकर एक स्थान में घटना घटित करते थे। दो दिन से ज्यादा वहां नहीं रूकते थे और अलग-अलग चले जाते थे। महिला के स्वीकार किए जाने पर संजय कुमार, पिंटू तथा रेशमी को लाखे लॉज से ही पकड़ा गया एवं आरोपियों के कब्जे से ठगी की गयी सोने का लाकेट एवं टाप्स कीमत 50 हजार रूपये जब्त किया गया।

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने रायपुर में 2 ज्वेलर्स पर एवं बिलासपुर में 4 ज्वेलरी दुकानों में भी इसी प्रकार नकली सोने का जेवर देकर असली सोने के जेवर प्राप्त कर ठगी की है।

आरोपियों के कब्जे से रायपुर में बिलासपुर में ठगी किये गये असली सोने के जेवर कीमती 1 लाख 68 हजार 500 रुपए के जेवर जब्त किए गए। आरोपियों के खिलाफ धारा 41 (4-1) जाफौ, धारा 420, 34 भादवि के तहत कार्रवाई की गई है। जिला रायपुर एवं बिलासपुर के संबंधित थाना प्रभारियों से सम्पर्क किया गया है।
 


अन्य पोस्ट