दुर्ग

आधी रात युवक की हत्या, दो ने भाग कर बचाई जान
19-Jun-2022 1:14 PM
आधी रात युवक की हत्या, दो ने भाग कर बचाई जान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 19 जून।
छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आधी रात को बिहारी मोहल्ला कैंप 1 के पांच युवकों ने साईं नगर कैंप के ही तीन युवकों पर पुरानी रंजिशवश बेसबॉल के बैट एवं धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया। हमले में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि मृतक के 2 साथी भागने में सफल रहे। छावनी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर पांचों आरोपियों की तलाश में जुटी है।

नगर पुलिस अधीक्षक छावनी कौशलेंद्र पटेल ने बताया कि साईं नगर कैंप 1 निवासी युवक रंजीत सिंह (20) अपने दो दोस्तों के साथ शनिवार रात 12 बजे घर लौट रहा था, तभी साईं नगर के हनुमान मंदिर के पास 5 युवकों में चिंपू उर्फ भुनेश्वर, रिंकू उर्फ निखिल, सोना उर्फ जोश अब्राहम एवं दो अन्य बेसबॉल के बैट एवं धारदार हथियार से लैस हो रास्ता रोका। तीनों युवकों को देखते ही पांचों आरोपी टूट पड़े। इस हमले में सपड़ाए रंजीत पर पांचों ही आरोपियों ने धारदार हथियार एवं बेसबॉल बैट से प्राणघातक हमला किया, जिससे रंजीत ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। फरार होने में सफल दोनों ही दोस्तों के द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही छावनी पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर पांचों आरोपियों को पकडऩे का प्रयास किया। मोबाइल टावर की लोकेशन से रात्रि 3.30 बजे तक राजनांदगांव की ज्ञात हुई है। इसके बाद से लोकेशन नहीं मिल पाई है। पुलिस ने बताया कि हत्या का कारण दोनों ही पक्षों के मध्य आपसी विवाद होना ज्ञात हुआ है।


अन्य पोस्ट