दुर्ग

कपड़ा दुकान में कार घुसाने वाले आरोपी गिरफ्तार
17-Jun-2022 3:29 PM
कपड़ा दुकान में कार घुसाने वाले आरोपी गिरफ्तार

जैन परिवार की हत्या का किया था प्रयास, लेन-देन का था पुराना मामला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 17 जून।
बीएसपी मार्केट रिसाली में कल रात को लेन-देन विवाद पर दुकान के अंदर बलात गाड़ी घुसा कर जैन परिवार की हत्या करने का प्रयास करने वाले आरोपी विनोद पांडेय एवं उसके सहयोगी चुम्मन साहू को नेवई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

थाना प्रभारी ममता शर्मा ने बताया कि राकेश कुमार जैन (65 वर्ष) शॉप नंबर 12-13/सी सचिन वूलन एंड टैक्सटाइल बीएसपी मार्केट रिसाली भिलाई में रहते हैं। उनका कपड़े का व्यवसाय है। दुकान में ही राकेश का घर भी है। जैन मंदिर पारस धाम रिसाली निवासी विनोद पाण्डेय के साथ उनका जमीन का लेन-देन हुआ था। उसी बात को लेकर विनोद कई दिनों से बकाया रूपये दो कहकर जान से मारने की धमकी दे रहा था।

14 जून की रात को विनोद ने राकेश जैन को फोन पर जान से मारने की धमकी दी और 15 की रात्रि करीब पौने 9 बजे राकेश जैन परिवार के साथ जब अपने दुकान में थे, उनका पोता दक्ष और पड़ोसी आनंद कोचर का लडक़ा हित कोचर दोनों घर के सामने खेल रहे थे, तभी विनोद पाण्डेय और उसका साथी चुम्मन साहू दोनों अपनी कार इको स्पोर्ट्स क्रमांक सीजी 07 बीवाय 2514 से तेज रफ्तार से राकेश के घर के सामने आए और पोता व आनंद कोचर के लडक़ा को जान से मारने की नीयत से उनके ऊपर कार को चढ़ाने लगे।

दोनों बच्चों ने भाग कर अपनी जान बचाई। इतने में विनोद पाण्डेय और चुम्मन दोनों दुकान का कांच को तोड़ते हुए कार को राकेश जैन के दुकान अंदर घुसा अंदर बैठे लोगों पर चढ़ाने का प्रयास किया। सभी ने भाग कर अपनी जान बचाई फिर विनोद पाण्डेय और चुम्मन साहू दोनों कार से उतर कर राकेश एवं उनके बेटे पुनीत कुमार जैन के साथ हाथ मुक्का और डंडे से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते भाग गए। मारपीट से राकेश जैन के दाहिने हाथ, कमर, दाहिने आंख के पास तथा पुनित के गर्दन, सीने, गाल में दाहिने तरफ, कमर में चोट लगी है। दुकान के अंदर गाड़ी घुसाने से दुकान का कांच टूट गया है। राकेश जैन की रिपोर्ट पर नेवई पुलिस के द्वारा आरोपी विनोद पांडे एवं चुम्मन साहू के खिलाफ धारा 307, 34, 427 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने दोनों ही आरोपियों को आज गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के प्रयास में इस्तेमाल उनकी कार भी जप्त कर ली गई है।
 


अन्य पोस्ट