दुर्ग
निगम ने अवैध प्लाटिंग हटाने पूर्व में जारी की थी नोटिस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 जून। नगर पालिक निगम दुर्ग , राजस्व विभाग दुर्ग एवं टाउन एवं कंट्री प्लान दुर्ग द्वारा लंबे समय से कर रहे अवैध प्लाटिंग पर जेसीबी चलाकर अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की गई। निगम प्रशासन ने राजस्व विभाग दुर्ग एवं टाउन एवं कंट्री प्लान दुर्ग के साथ अवैध प्लाटिंग को हटाने की कार्य योजना तैयार की थी।
निगम आयुक्त एवं एसडीएम ने अभियान के प्रारंभ में सुबह ही भवन अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, अतिक्रमण अधिकारी को अपने पूरे अमले के साथ निगम कार्यालय में उपस्थित होने हेतु आदेशित किया था। तद्उपरांत पूरा निगम का अमला सुबह 8:30 बजे निगम कार्यालय में उपस्थित हो गया था निगम आयुक्त एसडीएम एवं टाउन एवं कंट्री प्लान एवं पुलिस प्रशासन द्वारा सांमजस्य बनाकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य की शुरूवात की गई । अवैध प्लाटिंग की कार्रवाई को अधिकारियों की मार्ग दर्शन में तहसीलदार, नगर निगम के भवन अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, अतिक्रमण प्रभारी के साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से मोहन नगर थाना प्रभारी एवं दुर्ग थाना प्रभारी पूरी टीम के साथ उपस्थित थे । महिला पुलिस बल भी मौके पर उपस्थित रही ।
निगम आयुक्त के अनुसार लगभग पचास एकड़ जमीन में बाउण्ड्रीवाल व उनमें निर्माण मेन गेट तथा अंदर बने कई स्थानों में निर्माण हो चुके सडक़े एवं कच्चे मकानों को जेसीबी के माध्यम से धराशाही किया गया। नगर निगम की टीम के साथ साथ राजस्व विभाग एवं टाउन एवं कंट्री प्लान की टीम के द्वारा पूरे जोश और मुस्तैदी के साथ अवैध प्लाटिंग हटाने की कार्रवाई की।
ज्ञात हो कि एमआर ले आउट डेव्लपर्स के विरूद्ध यह कार्रवाई की गई। उस फर्म के विरूद्ध अवैध प्लाटिंग न करने की चेतावनी देते हुए निगम प्रशासन ने पूर्व में तीन बार नोटिस जारी किया था उसके बावजूद भी उनके द्वारा अवैध प्लाटिंग को हटाने की कार्रवाई नहीं की जा रही थी तद्उपरांत यह कार्रवाई की गई ।