दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 15 जून। आईआईटी कुटेलाभाठा में फ्लाई एश ब्रिक्स खाली कर लौट रहे ट्रक चालक को सुपेला में रोककर बाईक सवार दो अज्ञात लोगों ने जमकर पीटा और ट्रक केबिन का शीशा भी तोड़ दिया। ड्रायवर को जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी बाईक से निकल भागे। सुपेला पुलिस ने ड्रायवर की रिपोर्ट पर मोटर सायकल के चालक एवं एक अन्य के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
सुपेला पुलिस ने बताया कि अभिजीत वर्मा की ट्रांसपोर्ट कंपनी रायपुर में ट्रक क्रमांक सीजी 04 जेसी 1283 का ड्रायवर प्रभात मिश्रा मंगलवार की दोपहर करीब 3 बजे फ्लाई एश ब्रिक्स आईआईटी कुटेलाभाठा भिलाई में खाली कर वापस रायपुर सिलतरा लौट रहा था, तभी सुपेला संजय नगर तालाब के सामने पहुंचने पर ट्रक को ओवरटेक कर काले एवेंजर मोटर सायकल पर बैठे दो अज्ञात व्यक्तियों ने जबरदस्ती रोका और गाली देने लगे। उन्होंने प्रभात को बोला कि साडा का ईंट लाने से मना किया था फिर भी क्यों लाया, जान से मार देंगे, कहते हुए उन्होंने डण्डे से ट्रक के सामने के ग्लास को मार कर तोड़ दिया। विरोध करने पर प्रभात को भी मारा और फरार हो गए।
सुपेला पुलिस ने ड्रायवर प्रभात मिश्रा (34) की रिपोर्ट पर काले रंग की मोटर सायकल के चालक एवं एक अन्य के खिलाफ धारा 294, 341, 427, 34, 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।