दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 जून। नाबालिग को शादी का प्रलोभन देकर भगा ले जाने वाले एवं उसके साथ रेप करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एफटीएससी संगीता नवीन तिवारी की कोर्ट ने आरोपी अरुण कुमार देशमुख को धारा 366 के तहत 3 वर्ष सश्रम कारावास तथा 100 रुपए अर्थदंड, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 4 के तहत 20 वर्ष सश्रम कारावास तथा 50000 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। दोनों सजाएं साथ साथ चलेगी।
अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार ने पैरवी की थी। अधिवक्ता संतोष कसार ने बताया कि बच्ची के पिता ने 5 दिसंबर 2020 को मोहन नगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उनकी कक्षा आठवीं में पढऩे वाली 13 वर्षीय बेटी 4 दिसंबर 2020 को दोपहर से घर से कहीं चली गई जो रात तक घर नहीं लौटी है। उन्हें शक है कि कोई बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इसके बाद पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए ग्राम थनौद चौकी अंजोरा निवासी आरोपी अरुण कुमार देशमुख (22) को ग्राम कोदवा थाना साजा जिला बेमेतरा से पकड़ा और आरोपी के पास से नाबालिग को बरामद किया। नाबालिग ने बताया कि आरोपी ने उसे शादी का प्रलोभन देकर उसे भगा कर ले गया और उसके साथ रेप किया।