दुर्ग

गरीब हमारे केंद्र बिंदु में है - फग्गन सिंह
14-Jun-2022 3:05 PM
गरीब हमारे केंद्र बिंदु में है - फग्गन सिंह

पीएम के आठ वर्ष पूरे होने पर गरीब कल्याण संभागीय जनसभा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 जून।
  भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 8 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर दुर्ग में आयोजित गरीब कल्याण संभागीय जनसभा का आयोजन किया। इस आयोजन में मुख्य अतिथि केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते एवं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद सरोज पाण्डेय, सांसद विजय बघेल, सांसद संतोष पाण्डेय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय, विधायक विद्यारतन भसीन, प्रदेश मंत्री ऊषा टावरी सहित संभाग के सभी जिलों के जिला अध्यक्ष और पूर्व विधायक उपस्थित रहे।

जनसभा को संबोधित करते हुए फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने इन 8 वर्षों में देश में एक इतिहास रचा है, देश के प्रधानमंत्री बनने के बाद भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सबसे पहला काम एसआईटी गठन का किया। इसकी सूचना के आधार पर अनेकों कार्यवाही होती है। ईडी की कार्यवाही एक स्वतंत्र कार्यवाही होती है जो व्यक्ति आर्थिक अपराध करता है, उसके खिलाफ जांच होना स्वाभाविक है ईडी द्वारा संज्ञान लिया जाना एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। अपनी कार्य योजना से केंद्र की भाजपा सरकार ने प्रमाणित करके दिखा दिया कि गरीब का कल्याण कैसे किया जाता है।

10 साल तक देश में मनमोहन सिंह की कांग्रेस सरकार रही, इन 10 सालों में देश का इतना अपमान हुआ जिसकी कोई सीमा नहीं थी, विकास के काम अवरुद्ध रहे, हाईवे का निर्माण रुका था, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना बंद पड़ी रही, रेलवे के प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में रहे और उन 10 वर्षों के बाद जब 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनी उसके बाद लगातार  में आईटी और नई तकनीकी का प्रयोग करके देश के विकास को गति देने का काम शुरू किया गया। कोरोना संक्रमण के दौरान इस चुनौती से निपटने के लिए ना केवल पूरी प्रतिबद्धता से काम किया बल्कि पूरे विश्व में भारत को ख्याति दिलाई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब जन धन योजना लाई तब कांग्रेसी मजाक उड़ाते थे कि गरीबों के खाते में पैसा कहां से आएगा लेकिन आज गरीबों के खाते में सीधे केंद्र सरकार का पैसा आ रहा है, आजादी के बाद कांग्रेस देश के लोगों को एक बैंक खाते की सुविधा भी ना दिला सकी। गरीब लोगों के खपरैल के मकान से पक्का मकान बनाने की  योजना मोदी सरकार ने बनाई लेकिन गरीब का मकान बनने से छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार को दर्द होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसान सम्मान निधि का पैसा जारी किया जाता रहा, लेकिन छत्तीसगढ़ के अनेकों किसानों को राज्य सरकार की लापरवाही के कारण उसका फायदा नहीं मिल सका। आज विश्व मे भारत की विशेष छवि बनी है तो वह नरेंद्र मोदी के कारण बनी है। सडक़, बिजली, पानी, शिक्षा में अभूतपूर्व काम करने के साथ-साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान कार्ड बनाकर कर देख के बहुत बड़े वर्ग को स्वास्थ्य बीमा से कवर किया। किसानों का मान सम्मान और उनकी आय बढ़ाने के लिए अनेकों योजनाएं इन 8 सालों में लाई गई है।

फग्गन सिंह कुलस्ते ने आगे कहा था सबको साथ लेकर चलना, सबका कल्याण करना सब का सुझाव लेना इसी मूल मंत्र के साथ काम करते हुए 8 सालों में देश को शिखर पर ले जाने का काम हुआ है। ऐसा कोई क्षेत्र ऐसा कोई वर्ग नहीं है जिसके लिए नरेंद्र मोदी सरकार ने कोई योजना ना बनाई हो। सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ यदि किसी ने काम किया है तो नरेंद्र मोदी ने किया है। संविधान के अनुच्छेद 370 समाप्त करके जम्मू कश्मीर को भारत के साथ एक कर दिया।

सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि नेशनल हेराल्ड केस में प्रवर्तन निदेशालय ने जिनको संमस दिया है, ऐसे कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता कार्रवाई का सामना करने की बजाय भागे भागे फिर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ जब नरेंद्र मोदी के खिलाफ जांच चली तो उन्होंने कभी किसी जांच एजेंसी के सामने पेश होने से कोई संकोच नहीं किया और हर कार्रवाई का निर्भीकता के साथ सामना किया। नेशनल हेराल्ड की कार्रवाई को बाहरी दबाव से प्रभावित करने का कांग्रेस जो खेल रही है इससे स्पष्ट होता है कि नेशनल हेराल्ड की कार्यवाही में कहीं ना कहीं चोर की दाढ़ी में तिनका है। नेशनल हेराल्ड का 5000 करोड़ का जो घोटाले है वह जनता की संपत्ति है मीडिया के नाम से ली गई जमीन जिसकी कीमत 5000 करोड़ रुपये की संपत्ति है लेकिन इस संपत्ति के लालच में कार्रवाई से बचने के लिए धरने पर बैठा जा रहा है।

सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा पेट्रोलियम पदार्थों में वैट कम करके लोगों को राहत दी गई लेकिन केंद्र द्वारा 10 रुपये कीमत कम करने के बावजूद छत्तीसगढ़ ने वैट कम नहीं किया। छत्तीसगढ़ सरकार का काम केवल छाती पीट रही है, छाती पीटने  के अलावा उसे कोई काम नहीं आता। कर्जा लेने के अलावा भूपेश सरकार ने कोई काम नहीं किया कर्जा लेकर घी पीने का चार्वाक का सिद्धांत छत्तीसगढ़ में सिद्ध किया जा रहा है।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने दिया। जितेंद्र वर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान अभूतपूर्व वैक्सीनेशन अभियान नि:शुल्क चलाया गया, ये नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का ही कमाल था। जीएसटी के कारण देश में ऐतिहासिक राजस्व संग्रहण हुआ है जिससे देश के आर्थिक स्थिति बेहद मजबूत हुई है और गरीबों तक आसानी से योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

मंचसीनो में राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय, दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय, पूर्व मंत्री रमशिला साहू, दयालदास बघेल, पूर्व विधायक लाभचंद बाफना, भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र साहू, बालोद जिला भाजपा अध्यक्ष कृष्णकांत पवार, कवर्धा जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल सिंह ठाकुर, विधायक विद्यारतन भसीन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रविशंकर सिंह, चंद्रिका चंद्राकर, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, राजेंद्र राय, बालमुकुंद देवांगन शामिल थे।


अन्य पोस्ट