दुर्ग

टोल एवं दूरी बचाने मालवाहक अंदरूनी ग्रामीण सडक़ों का ले रहे सहारा
12-Jun-2022 3:40 PM
टोल एवं दूरी बचाने मालवाहक अंदरूनी ग्रामीण सडक़ों का ले रहे सहारा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 जून।
गांव की सडक़ों में इन दिनों मालवाहक गाडिय़ों की दौड़ बढ़ गई है टोल एवं दूरी बचाने मालवाहक गाडिय़ों के ड्राइवर अंदरूनी ग्रामीण सडक़ों का सहारा ले रहे हैं। गांव के भीतर की सडक़ों में दौड़ रही मालवाहक वाहनों की वजह से हमेशा दुर्घटना की संभावना भी बनी रहती है, इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

गांव के भीतर से मालवाहक वाहनों के गुजरने पर  लगाई जाए रोक
जानकारी के अनुसार जब से उतई - पाऊवारा -जंजंगिरी -अंडा मार्ग का चौड़ीकरण हुआ है, इसके बाद से उक्त मार्ग से होकर मालवाहक वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। ग्राम पंचायत पाऊवारा के सरपंच वामन साहू का कहना है कि पिछले 3 - 4 माह से उक्त मार्ग में 16 एवं 18 चक्कों वाली मालवाहक गाडिय़ों का आवागमन बढ़ गई है। उनका कहना है कि गांव से गुजरने वाली यह सडक़ मालवाहक वाहनों के लिए उपयुक्त नहीं है। गांव के बीच से गुजरने वाली इस सडक़ से मालवाहक वाहन काफी तेज गति से निकलती है। इससे हमेशा बुजुर्गों मवेशियों एवं बच्चों के दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।

इन मालवाहक वाहनों में तीव्र आवाज वाले हार्न उपयोग किए जाते हैं, उन्होंने बताया कि हाल ही में मालवाहक वाहन सामने आ जाने की वजह से दो मोटरसाइकिल चालक आपस में टकरा गए थे, वहीं गत दिनों ग्राम जांजगीरी में एक गाय को भी तेज रफ्तार मालवाहक वाहन ने अपनी चपेट में ले ली थी। उनका कहना है कि मालवाहक के ड्राइवर ग्रामीण क्षेत्रों में जहां भी अच्छा रोड है। वहां से शॉर्टकट निकलने के चक्कर में वाहन दौड़ा रहे हैं। इन मालवाहक वाहनों के ड्राइवरों को तेज रफ्तार वाहन चलाने पर रोक कर समझाइश देने पर वे बहस करने लग जाते हैं। क्षेत्र एवं राजनांदगांव जिले से बड़ी संख्या में रोज मालवाहक इस मार्ग से गुजर रहे हैं गांव के भीतर मालवाहक वाहनों के गुजरने पर तत्काल रोक लगाई जाए।

व्यापारी व जनता परेशान
नगर पंचायत उतई के उपाध्यक्ष रविंद्र वर्मा का कहना है कि इस मार्ग पर चलने वाली मालवाहक गाडिय़ां सद्भावना चौक होकर उतई बस्ती से भी गुजरती है। इसकी वजह से उतई के व्यापारी एवं आम जनता भी परेशान है। उतई निवासी डोमन साहू ने बताया कि प्रतिदिन उक्त मार्ग से सैकड़ों घर से अधिक मालवाहक वाहन गुजरती है। राजहरा क्षेत्र से आयरन ओर एवं अन्य समानों का इन माल वाहक वाहनों में की जाती है। जिससे लोगों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता है करगाडीह के सरपंच घनश्याम गजपाल का कहना है कि मालवाहक वाहनों का दबाव सहने के लायक भी यह सडक़ नहीं है। उनका कहना है कि मालवाहक वाहनों के लिए रूट निर्धारण किया जाए ताकि गांव के बीच से गुजरने वाली सडक़ो पर इसका दबाव न बने।
 


अन्य पोस्ट