दुर्ग

सुपेला संडे मार्केट के पूरे क्षेत्र से हटाए अवैध कब्जा
12-Jun-2022 2:45 PM
सुपेला संडे मार्केट के पूरे क्षेत्र से हटाए अवैध कब्जा

बांस, बल्ली और सडक़ पर बिखरे मलबा जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 12 जून।
रविवार तडक़े नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत सुपेला संडे मार्केट में  अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई हुई। निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे के निर्देश पर तथा अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी के नेतृत्व में कब्जा धारियों को हटाया गया।
सुपेला संडे मार्केट को व्यवस्थित करने के लिए तथा सडक़ को सुगम बनाने और ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने के लिए आज निगम की पांच संयुक्त टीम ने मिलकर कार्रवाई की। 44 स्थानों पर से अतिक्रमण एवं कब्जा हटाया गया। इससे पूर्व विगत दो-तीन दिनों से समझाइश दी जा रही थी।

कुछ लोगों ने फिर से टेबल पर रख कर तथा बांस बल्ली गढ़ाकर समान विक्रय करना प्रारंभ कर दिया था। जिसको देखते हुए सुबह से पहुंची टीम ने सडक़ों पर रखे टेबल को हटवाया और बांस, बल्ली को जेसीबी की सहायता से उखाडक़र जब्ती बनाई, इधर कई लोगों ने सडक़ के किनारे मलबा बिखेरकर रखा हुआ था, रेत और गिट्टी होने के कारण सडक़ में आवागमन प्रभावित हो रहा था, ऐसे सभी मलबा को निगम ने जब्ती बनायी। इस दौरान लगातार पुलिस प्रशासन की टीम तथा पेट्रोलिंग वाहन मॉनिटरिंग करती रही।

जोन आयुक्त मनीष गायकवाड ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए व्यवसायियों से चर्चा की। इससे पूर्व अप्रैल में सुपेला संडे मार्केट पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सडक़ को सुगम किया गया था। फिर से मार्केट अवस्थित ना हो इस उद्देश्य से इस रविवार को भी निगम की टीम पूरी मुस्तैदी के साथ और प्लानिंग के साथ संडे मार्केट में कार्यवाही के लिए मौजूद थी। सडक़ बाधा करने वाले तथा बिल्डिंग मटेरियल को सडक़ फैलाने वाले मटेरियल को जप्त भी किया गया, साथ ही आसपास के रहवासियों की शिकायत पर एक दुकान के द्वारा अतिक्रमण कर लगाए हुए लोहे की सीढ़ी को भी हटाकर इसकी जब्ती बनाई गई, शिकायत थी कि निगम के बार-बार कार्यवाही के बाद भी दुकानदार सीढ़ी लगा लेता था, इस बार निगम ने सीढ़ी को ही जब्त कर लिया। 

कार्रवाई में चार जेसीबी और छह डंपर का उपयोग कब्जे धारियों को हटाने के लिए किया गया। सुपेला संडे मार्केट का क्षेत्र जोन क्रमांक एक नेहरू नगर और जोन क्रमांक 2 वैशाली नगर के अंतर्गत आता है। कार्रवाई के दौरान नेहरू नगर जोन के आयुक्त मनीष गायकवाड, प्रभारी कार्यपालन अभियंता कुलदीप गुप्ता, प्रभारी सहायक अभियंता आलोक पसीने, प्रभारी सहायक अभियंता अरविंद शर्मा, उप अभियंता गौरव अग्रवाल, पुरुषोत्तम सिन्हा, सहायक राजस्व अधिकारी, बालकृष्ण नायडू, मलखान सिंह सोरी, जगन्नाथ तिवारी आदि मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट