दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 5 जून। बीएसपी के अंदर पिछले तीन दिनों में तीन बड़े हादसे लगातार हुए हैं। पहले हादसे में एक बीएसपी कर्मी की मौत हो गई, वहीं एक गंभीर हैं। इसी तरह दूसरे दिन एसएमएस 2 में ब्लास्ट होने से दो कर्मचारी झुलस गए थे और तीसरे दिन शनिवार की दोपहर फिर से हादसा होने से 4 कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए हैं। लगातार हो रहे हादसों से कर्मचारी और उनके परिजनों में दहशत का माहौल है। लोग सुरक्षा को लेकर काफी सशंकित भी हैं।
कल यहां स्टील मेल्टिंग शॉप में हॉट मेटल को ले जाते समय लेडल के गिरने से बड़ा धमाका हुआ, जिसमें चार कर्मचारी झुलस गए हैं। झुलसे हुए कर्मचारियों में एक बीएसपी कर्मचारी और तीन बीएसपी ठेका कर्मी हैं। चारों का उपचार मेन मेडिकल पोस्ट में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार भिलाई इस्पात संयंत्र के मेल्टिंग शॉप में 120 टन हॉट मेटल से भरे हुए लेडल को एसएमएस 2 के कनवर्टर 3 से क्रेन के जरिए एलएफ 2 ले जाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक लेडल के एक तरफ का हुक खुल गया और 120 टन पिघला हुआ लोहे से भरा लेडल छिटक गया।
इतनी बड़ी मात्रा में गर्म लोहा गिरने से वहां काम कर रहे कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए और झुलस गए। इस दौरान वहां ब्लास्ट हुआ और आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड टीम वहां पहुंची और आग बुझाने का काम किया गया। झुलसे हुए चारों कर्मचारियों को गंभीर हालत में संयंत्र के मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया और उपचार किया जा रहा है।
इस हादसे में झुलसे दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में एसीटी चंद्रशेखर साहू, संजय कुमार, शैलेष कुमार और योगेश कुमार शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन चारों में नियमित कर्मचारी के हाथ झुलसे हैं, वहीं ठेका कर्मी की हालत गंभीर है।