दुर्ग

दिव्यांग से रेप, आरोपी को सश्रम कारावास
05-Jun-2022 1:17 PM
दिव्यांग से रेप, आरोपी को सश्रम कारावास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 जून। 
मां के काम पर चले जाने के बाद घर में रह रही मंदबुद्धि व दिव्यांग किशोरी के साथ रेप करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम फास्ट ट्रेक कोर्ट सरिता दास की कोर्ट ने आरोपी देव नारायण साहू को धारा 42 लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 के परिपे्रक्ष्य में धारा 376 एवं पास्को एक्ट की धारा 4 के तहत 10 वर्ष सश्रम कारावास तथा 2000 रुपए अर्थदंड, धारा 450 के तहत 3 वर्ष सश्रम कारावास तथा 500 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक कमल किशोर वर्मा ने पैरवी की थी।

विशेष लोक अभियोजक कमल किशोर वर्मा ने बताया कि प्रार्थिया की साढ़े 16 वर्षीय पुत्री मंदबुद्धि व कमजोर दिमाग की है। 19 अगस्त 2019 को किशोरी की मां मजदूरी के काम पर गई हुई थी। किशोरी घर पर अकेली थी। इसी दौरान लगभग 2.30 बजे गांव का ही आरोपी देव नारायण साहू निवासी ग्राम गनियारी पुलगांव घर में आया और मंदबुद्धि किशोरी के साथ जबरन रेप किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग निकला। जब किशोरी की मां घर आई तब उसे इस घटना के बारे में जानकारी हुई। इस पर किशोरी की मां ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।
 


अन्य पोस्ट