दुर्ग

प्रेमी जोड़े ने शिवनाथ नदी में कूदकर की खुदकुशी, एक-दूसरे से बंधे मिले शव
03-Jun-2022 12:26 PM
प्रेमी जोड़े ने शिवनाथ नदी में कूदकर की खुदकुशी, एक-दूसरे से बंधे मिले शव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग/ भिलाई नगर, 3 जून। 
भिलाई के एक प्रेमी जोड़े ने शिवनाथ नदी में कूदकर खुदकुशी कर ली। पुलिस द्वारा गुरुवार की सुबह पे्रमी जोड़े का शव शिवनाथ नदी महमरा एनीकेट के पास से एक साथ बरामद किया गया। दोनों का शव एक काले रंग के गमछे से आपस में बंधा हुआ था। जिससे ऐसा माना जा रहा है कि प्रेमी जोड़े ने पहले गमछे को एक-दूसरे के कमर में बांधा और भी एक साथ शिवनाथ नदी में छलांग लगाई होगी। प्रेमी जोड़े का शव फूल गया है। जिससे पुलिस को घटना एक दिन पहले की होने का अनुमान है। प्रेमी जोड़े के परिजनों ने हुलिए व शव के साथ मिले कपड़े, लॉकेट के अलावा हाथों में मिले गोदना के आधार पर मृतकों की पहचान की।  

पुलिस के मुताबिक मृत युवक रितेश वर्मा (20) पिता जैतराम वर्मा लक्ष्मीनगर मछली मार्केट के पास सुपेला भिलाई का निवासी था, वहीं मृतका पूजा गुप्ता (16) आर्यनगर कोहका सुपेला भिलाई की निवासी बताई गई।  वह कक्षा 9वीं तक पढ़ी हुई है। वह वर्तमान में बिहार में अपने रिश्तेदारों के साथ रह रही थी। मृतक रितेश वर्मा फाल सिलिंग निर्माण का कार्य करता था। वह 31 मई को सुबह काम में जाने कहकर घर से निकला था। उसके बाद से परिजनों को रितेश की कोई खबर नहीं थी। माना जा रहा है कि रितेश वर्मा ने बिहार में रहने वाली पूजा गुप्ता से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क किया होगा। फोन में संपर्क होने से पूजा गुप्ता बिहार से दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंची। प्रेमी जोड़े ने यहां मुलाकात की और खुदकुशी का निर्णय लिया। जिसके बाद प्रेमी जोड़े ने शिवनाथ नदी महमरा एनीकेट के पास कूदकर अपनी जान दे दी।

बताया गया है कि रितेश व पूजा का पिछले सालभर से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पूजा के प्रेमप्रसंग का परिजनों को 2 माह पहले ही पता चला था। जिसके चलते परिजनों द्वारा पूजा को बिहार भेज दिया गया था। बहरहाल कोतवाली पुलिस दुर्ग द्वारा मर्ग कायम कर मृत प्रेमी जोड़े के परिजनों के बयान दर्ज किए गए है। परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच जारी है।

 


अन्य पोस्ट