दुर्ग
दुर्ग, 1 जून। कंप्यूटर प्रोग्रामिंग के क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए छत्रपति शिवाजी महाविद्यालय दुर्ग द्वारा आयोजित एक दिवसीय वेबीनार में प्रदेश के विभिन्न जिलों से कई विद्यार्थियों ने भाग लिया। सेमिनार में विविध प्रोग्रामिंग भाषाओं को सीखने के श्रोतों औऱ प्रोग्रामिंग स्किल्स को उत्कृष्ट बनाने के गुर बताए गए।
इस अवसर पर संस्थान के चेयरमेन इंजीनियर अजय प्रकाश वर्मा ने इस संबंध में बताया कि तकनीकी विज्ञान के क्षेत्र में कंप्यूटर साइंस सबसे ज्यादा विकास दर्ज किया है। कोई भी ऐसा सामाजिक क्षेत्र नहीं बचा जो कंप्यूटर से अछूता हो। विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान की ओर बढऩा चाहिए। उन्होंने महाविद्यालय परिवार को इस आयोजन हेतु बधाई दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ चन्द्र शेखर शर्मा ने कहा कि प्रोग्रामिंग आज के कंप्यूटरीकृत विकास की रीढ़ है। घर बैठे खाली समय में ओपन सोर्सेज के द्वारा इस क्षेत्र के विद्यार्थी अपना कौशल पुख्ता कर सकते हैं। समय की मांग है कि इंटरनेट को मनोरंजन की बजाय शैक्षणिक कार्यों और कौशल उन्नयन हेतु प्रयोग कर स्वयं की सार्थकता सिद्ध की जाए।
प्रोग्रामिंग लैंग्वेजेस के नि:शुल्क ऑनलाइन श्रोतों पर आधारित इस वेबिनार की विषय विशेषज्ञ पीके भारती ने बताया कि अब देश में अच्छे प्रोग्रामरों की महती आवश्यकता है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रोग्रामिंग लैंग्वेज को इंटरनेट पर उपलब्ध विभिन्न वेबसाइटों और पोर्टल्स की सहायता से घर बैठे भी सीखा जा सकता है और पूरे विस्तार से विभिन्न भाषाओं से संबंधित ऑनलाइन रिसोरसेज से प्रतिभागियों का परिचय कराया। अपने व्याख्यान में उन्होंने नामचीन संस्थानों के सर्टिफिकेशन कार्यक्रमों के बारे में भी बताया।
व्याख्यान के उपरांत जिज्ञासा सत्र में प्रतिभागियों के प्रश्नों का उत्तर व शंका समाधान भी किया गया। अनेक विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा आग्रह किया कि महाविद्यालय ऐसे और भी वेबिनार आयोजित करे।
इस वेबिनार में शासकीय महाविद्यालय अम्बागढ़ चौकी के प्राचार्य भी सम्मिलित हुए। ज्ञात हो कि महाविद्यालय अगले माह कंप्यूटर पर केंद्रित एक और कार्यक्रम का आयोजन करने जा रहा है।