दुर्ग

कार में रखे बैग व रकम ले जाने वाले आरोपी गिरफ्तार
12-May-2022 4:01 PM
कार में रखे बैग व रकम ले जाने वाले आरोपी गिरफ्तार

बरामद किए 1.90 लाख रुपए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 मई। 
आईटीआई कॉलेज के सामने नाला के पास पाटन में खड़ी कार से प्रार्थी का नोट से भरा काले रंग के बैग की चोरी करने के बाद कार की चाबी लेकर भागने वाले आरोपियों को पाटन पुलिस एवं साइबर क्राइम टीम ने गिरफ्तार किया है।
पकड़ाए चारों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बैग में रखे 1,90,000 रुपए, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेक बुक व अन्य सामग्री बरामद किए हैं। घटना के बाद से ही पुलिस ने क्षेत्र के आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले और संदिग्धों पर नजर रखते हुए मुखबिर लगाकर एवं साइबर तकनीकी वर्क के आधार पर मुख्य आरोपी कार चालक से सक्ती से पूछताछ की। आरोपी चालक ने अपने तीन अन्य अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकारा।

7 मई को सुंदर नगर रायपुर निवासी प्रार्थी किशन लाल चंद्राकर अपनी कार क्रमांक सीजी 04 एच 3362 से अपने ड्राइवर विजेंद्र चक्रधारी निवासी बटंग के साथ अपने परिचित शेषनारायण बंछोर का 1,98,000 रुपए एसबीआई बैंक पाटन से निकाल कर काले बैग में रखकर सिकोला की ओर आ रहे थे। आईटीआई कॉलेज के सामने नाले के पास गाड़ी चालक विजेंद्र चक्रधारी ने गाड़ी को रोका और फ्रेश होने के लिए चला गया। इसी दौरान मोटरसाइकिल में सवार तीन अज्ञात लोग पहुंचे और कार में नोट रखे काले बैंक को उठाकर लेकर चले गए, वहीं जाते-जाते उन्होंने कार की चाबी भी साथ रख ली।

इस घटना की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनंत साहू, एसडीओपी पाटन देवांश राठौर के निर्देश पर थाना प्रभारी पाटन शिवानंद तिवारी, साइबर सेल प्रभारी गौरव तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। संदेह होने पर पुलिस ने कार चालक विजेंद्र चक्रधारी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकारा। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में मास्टरमाइंड आरोपी कार चालक विजेंद्र चक्रधारी ने पुलिस को बताया कि वह अपने मालिक से परेशान था, और उसे सबक सिखाने के उद्देश्य से उसने इस घटना को अंजाम दिया।

विजेंद्र ने अपने मालिक को सबक सिखाने के उद्देश्य से अपने साथी नरेश यादव को फोन कर घटना का षड्यंत्र रचा और उसने नरेश यादव को गाड़ी नंबर की फोटो मोबाइल पर भेजा। इसके बाद कार चालक ने अपने साथी नरेश को चोरी की घटना अंजाम देने के लिए कहा, जिस पर नरेश ने अपने साथियों के साथ इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने आरोपी विजेंद्र चक्रधारी निवासी ग्राम बटंग, हेमंत साहू उर्फ नजरिया निवासी स्टेशन मरोदा इंदिरा चौक भिलाई, नरेश यादव निवासी स्टेशन मरोदा भिलाई, अशवंत रात्रे निवासी उतई को गिर तार किया है।
 


अन्य पोस्ट