दुर्ग

दस्तावेज जमा नहीं करने पर परिणाम रूकेंगे
08-May-2022 3:52 PM
दस्तावेज जमा नहीं करने पर परिणाम रूकेंगे

दुर्ग, 8 मई। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित वार्षिक परीक्षा 2022 में शामिल होने वाले ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने छत्तीसगढ़ प्रदेश अथवा बाहर के विश्वविद्यालयों से पूर्व की परीक्षाएं उत्तीर्ण की है तथा ऑनलाइन परीक्षा आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज जैसे पूर्व परीक्षा की अंकसूची, माइग्रेशन, पात्रता प्रमाण पत्र, गेप सर्टिफिकेट आदि अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किये हैं उन सभी परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे 14 मई तक अनिवार्य रूप से हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में कक्ष क्रमांक 12 स्थित टेक्नीकल हेल्प डेस्क में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें। निर्धारित तिथि तक दस्तावेज जमा न करने वाले ऐसे सभी परीक्षार्थियों के परीक्षा परिणाम रोक दिए जाएंगे।

 यह जानकारी देते हुए परीक्षा उपकुलसचिव, डॉ। राजमणि पटेल ने बताया कि लगभग सात हजार ऐसे परीक्षार्थी हैं जिनके दस्तावेजों में परीक्षा विभाग द्वारा जांच करने पर कमी पायी गई है। डॉ। पटेल ने बताया कि इस वर्ष वार्षिक प्राइवेट तथा स्नातक रेगुलर एवं प्राइवेट परीक्षा में लगभग डेढ़ लाख अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इन परीक्षार्थियों की उत्तरपुस्तिकाएं संग्रहण केन्द्रों में एकत्रित की जा रही है। विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले 143 महाविद्यालयों में से 68 महाविद्यालयों में परीक्षा केन्द्र तथा उपकेन्द्र स्थापित किये गये है। संग्रहण केन्द्रों से विश्वविद्यालय में 8 लाख से अधिक कॉपियां विश्वविद्यालय में पहुंच चुकी हैं, जिनका मूल्यांकन कार्य जारी है।

आज से बीए की परीक्षाएं आरंभ हो चुकी   हैं। इसके साथ-साथ बीएससी एवं बीकॉम की परीक्षाएं भी अंतिम चरण में है। महाविद्यालयों में उत्तरपुस्तिाकाओं के संग्रहण का कार्य शांतिपूर्वक जारी है।


अन्य पोस्ट