दुर्ग

बाइक पर मोबाइल देखते जा रही थी, स्कूटी चालक लूटकर फरार
08-May-2022 2:58 PM
बाइक पर मोबाइल देखते जा रही थी, स्कूटी चालक लूटकर फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 मई। 
अपने पुरुष मित्र के साथ मोटर साइकिल पर पीछे बैठकर मोबाइल देखते जा रही युवती के हाथ से सफेद रंग की एक्टिवा चालक ने मोबाइल लूट लिया। पीडि़ता जब तक कुछ समझ पाती आरोपी तेजी से फरार हो गया। पीडि़ता की शिकायत पर भिलाई नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 392 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।

पुलिस के मुताबिक पीडि़ता दीप्ति बारिक ग्राम खरखरी तहसील सरायपाली जिला महासमुंद की मूलत: रहने वाली है। वह वर्तमान में पद्मनाभपुर में किराये के मकान में रहती है और वह पीएटी की कोचिंग सक्सेस प्वाइंट महाराजा चौक दुर्ग से कर रही है। 6 मई की रात लगभग 8.30 बजे वह अपने मित्र सचिन प्रधान के साथ उसकी मोटर सायकल बुलेट क्रमांक सीजी 07 बीवाय 0343 से सिविक सेंटर भिलाई आई हुई थी।

सिविक सेंटर भिलाई में दीप्ति अपनी बहन शोभिनी बारिक से मुलाकात कर वापस अपने रुम पद्मनाभपुर दुर्ग जा रही थी। मोटर सायकल को पीडि़ता का मित्र सचिन प्रधान चला रहा था और वह उसके पीछे बैठकर अपने मोबाइल को देख रही थी। जब वह लोग हुडको पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे उसी समय उनकी मोटर सायकल के करीब मे एक सफेद रंग का एक्टिवा वाहन का चालक अपने वाहन को चलाते हुए नजदीक में लाकर दीप्ति के हाथ में रखे  मोबाइल को हाथ से खींच कर फरार हो गया।
लूटे गए मोबाइल की कीमत करीबन 10000 रुपये आंकी गई है। मोबाइल को लूटने के दौरान पीडि़ता ने देखा कि आरोपी के हाथ में कटने के निशान है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। उसकी उम्र करीबन 20 साल की थी।


अन्य पोस्ट