दुर्ग

4 घंटे में जन्म प्रमाण पत्र, प्रमाण पत्र मिलते ही माता पिता में खुशी
06-May-2022 2:41 PM
4 घंटे में जन्म प्रमाण पत्र, प्रमाण पत्र मिलते ही माता पिता में खुशी

सीएम का जताया आभार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 मई।
मुख्यमंत्री मितान योजना खूब वाहवाही बटोर रहा है। चंद घंटे के भीतर ही योजना अपना मूर्तरुप ले रहा है। 15 दिन के जुड़वा बच्चे के प्रमाण पत्र के लिए उनके माता-पिता ने टोल फ्री नंबर 14545 पर काल किया और महज 4 घंटे के भीतर ही उसे  जन्म प्रमाण पत्र मिल गया। प्रमाण पत्र मिलते ही माता पिता में भारी खुशी देखी गई। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार भी जताया।

प्राप्त सूचना के आधार पर मितान आवेदक नियाज अली निवासी गांधी नगर वार्ड 39 दुर्ग के घर पहुंच कर जुड़वां बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवश्यक डाक्यूमेंट्स मितान पोर्टल पर अपलोड  किया गया। मुख्यमंत्री मितान योजना अन्तर्गत आवेदक के जुड़वां बच्चे पुत्र आरिश अली, पुत्री हनफा फातिमा उम्र 15 दिन का जन्म प्रमाण पत्र गुरुवार को मितान द्वारा उनके घर पर जाकर माँ को दिया गया।

आवेदक की पत्नी शिबू अली द्वारा जन्म प्रमाण पत्र को देख कर बहुत खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धन्यवाद दिया। नगर निगम के महापौर धीरज बाकलीवाल एवं आयुक्त हरेश मंडावी ने नागरिकों से अपील की है कि मुख्यमंत्री मितान योजना के अंतर्गत वर्तमान में प्रचलित 13 सेवाएं का लाभ घर बैठे प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर 14545 डायल कर मितान की सेवा के माध्यम से अपने दस्तावेज प्राप्त कर सकते हैं।

कॉल सेंटर, टोल फ्री एवं पोर्टल का उपयोग कर जरूरी सेवा जैसे जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र सुधार, मृत्यु प्रमाण पत्र सुधार, विवाह प्रमाण पत्र सुधार, दुकान एवं स्थापना पंजीयन-गुमास्ता लाइसेंस, मूल निवासी प्रमाण पत्र, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जन जाति प्रमाण पत्र पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, नकल भूमि दस्तावेज व भूमि जानकारी जैसे सेवा घर बैठे ही प्राप्त कर सकेंगे।


अन्य पोस्ट