दुर्ग

पेयजल संकट को लेकर भाजपा पार्षद दल ने निगम में बोला हल्ला
05-May-2022 5:27 PM
पेयजल संकट को लेकर भाजपा पार्षद दल ने निगम में बोला हल्ला

7 दिनों के भीतर समस्या समाधान का आश्वासन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 मई।
भीषण गर्मी में गयानगर समेत  विभिन्न वार्डों में लो प्रेशर और पेयजल संकट को लेकर भाजपा पार्षद दल ने बुधवार को  नगर निगम कार्यालय में हल्ला बोला। इस दौरान आक्रोशित लोगो ने नगर निगम की कार्यशैली के खिलाफ नारेबाजी की और खाली मटका फोडक़र विरोध जताया। 

प्रदर्शनकारी उतई टैम्पों स्टैण्ड से रैली की शक्ल में नगर निगम मुख्यालय पहुंचे थे। प्रदर्शन उपरांत भाजपा पार्षद दल ने विधायक अरुण वोरा,महापौर धीरज बाकलीवाल और आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शहर में व्याप्त पेयजल संकट से अवगत कराया। विधायक व महापौर ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए 7 दिनो के भीतर पेयजल संकट दूर करने का भाजपा पार्षद दल को भरोसा दिलाया हैं। तत्पश्चात प्रदर्शनकारी शांत हुए। 

भाजपा पार्षद दल के नेता अजय वर्मा ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच वार्ड क्रमांक 4 गयानगर में विगत 1 माह से कई घरों में पानी की गंभीर समस्या है, लोग पानी के लिए बेहद परेशान है और इसके निराकरण के लिए सूचना पूर्व में  निगम को दी जा चुकी है, किंतु पानी की समस्या विकराल हो गई है। इसी प्रकार नयापारा वार्ड 1 राजीव नगर वार्ड 2 मठपारा वार्ड 3 शक्ति नगर वार्ड 17 पचरी पारा वार्ड 28 कचहरी वार्ड 39आदि वार्डों में भी पानी की गंभीर समस्या है। जिसका निराकरण अभी तक नहीं किया गया है। जिसके कारण गर्मी में लोग पानी के लिए बेहाल है। 

प्रदर्शन में जिला भाजपा मंत्री दिनेश देवांगन, मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर चंद्राकर,पार्षद ओमप्रकाश सेन, गायत्री साहू, नरेन्द्र बंजारे, देवनारायण चंद्राकर,लीना देवांगन,नरेश तेजवानी, मनीष साहू, हेमा शर्मा,जिला भाजयुमो अध्यक्ष नितेश साहू,महामंत्री गौरव शर्मा, रितेश शर्मा के अलावा बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। गयानगर क्षेत्र में पेयजल की संकट ज्यादा है। लिहाजा वार्ड की महिलाएं प्रदर्शन में बढ़चढ़ कर शामिल हुई और पेयजल संकट को लेकर जमकर अपनी आवाज बुलंद की।
 


अन्य पोस्ट