दुर्ग
दुर्ग, 27 अप्रैल। कुटुंब न्यायालय में चल रहे मामले की सुनवाई के लिए पहुंचे पति ने कुटुंब न्यायालय के सामने ही पत्नी को गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीडि़ता की शिकायत पर पद्मनाभपुर चौकी पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ धारा 294, 506 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस के मुताबिक पीडि़ता लवली साहू निवासी गौतम नगर कृष्णा कबाड़ी के पास सुपेला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसका विवाह शारदा पारा कैंप दो निवासी पुरुषोत्तम साव के साथ लगभग 1 साल पूर्व हुआ था। पति एवं ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताडि़त किए जाने पर पीडि़ता ने महिला थाना दुर्ग में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कुटुंब न्यायालय दुर्ग में इस मामले को लेकर केस चल रहा था। 25 अप्रैल को पीडि़ता अपनी मां सरिता देवी एवं पिता राम आशीष साहू एवं भाई सूरज साहू के साथ कुटुंब न्यायालय समृद्धि बाजार के पास आई हुई थी। इस दौरान जब वह शाम 7 बजे कुटुंब न्यायालय से बाहर निकली तब उसका पति पुरुषोत्तम साहू ने पीडि़ता से कहा कि वह केस वापस ले ले। जब पीडि़ता ने उससे बात करने से मना किया तो आरोपी ने अश्लील गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।