दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 अप्रैल। छत्तीसगढ़ मनरेगा अधिकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर मनरेगा कर्मी 4 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। उनके इस अनिश्चितकालीन हड़ताल के दौरान मनरेगा योजना अंतर्गत जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत या विभिन्न एजेंसियों द्वारा यदि कोई कार्य कराए जा रहे हैं तो आंदोलन अवधि के बाद कोई भी लंबित कार्य हड़ताल से वापसी के पश्चात मनरेगा अधिकारी कर्मचारी एवं रोजगार सहायक द्वारा नहीं किया जाएगा। मनरेगा कर्मचारी महासंघ दुर्ग जिला इकाई ने इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौंपकर या चेतावनी दी है।
महासंघ के जिलाध्यक्ष अनिरुद्ध ताम्रकार, उपाध्यक्ष, सचिव की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि उनके हड़ताल के दौरान जो कार्य कराए जा रहे हैं, इसके लिए हड़तालरत कोई भी अधिकारी कर्मचारी जिम्मेदार नहीं होंगे। यदि कहीं पर फर्जीवाड़ा एवं नियम विरुद्ध कार्य करवाए जाते हैं तो इसकी संपूर्ण जवाबदेही संबंधित व्यक्ति की होगी, जिनके द्वारा कार्य करवाया जा रहा है। भीषण गर्मी के बावजूद भी हड़ताली मनरेगा कर्मी मानस भवन के सामने पंडाल पर डटे हुए हैं। वहीं कुछ कर्मचारियों द्वारा आंदोलन के दौरान भी कार्यालय पहुंचकर कार्य किए जाने को लेकर संघ के लोगों में तीखी प्रतिक्रिया है। वहीं छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी महासंघ दुर्ग के पदाधिकारियों एवं अनेक सदस्यों ने बस्तर से पदयात्रा कर राजधानी रायपुर पहुंच रहे मनरेगा कर्मियों के हौसला अफजाई के लिए कण्डेल पहुंचे।