दुर्ग
चांदी की प्लेट एवं नगदी 2 लाख बरामद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 24 अप्रैल। चौकी पद्मनाभपुर पुलिस द्वारा सूने मकान में चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के कब्जे से चांदी की प्लेट एवं नगदी रकम 2 लाख 5 हजार रूपये बरामद हुआ है। चोरी की रकम को छिपाकर रखने वाली आरोपी की मां लता भारती को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि अखिलेश मिश्रा निवासी वार्ड क्रमांक 41 कसारीडीह दुर्ग ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 अप्रैल को सुबह वह अपने निवास स्थल में पोते के मुंडन संस्कार कार्यक्रम रखा था तथा रात्रि में भोजन व्यवस्था वृन्दावन रेस्टोरेंट शिवनाथ नदी के पास आयोजित थी। घर में आए मेहमानों एवं परिवार के सभी सदस्यों के साथ शाम करीब 7.15 बजे वृन्दावन रेस्टोरेंट पार्टी के लिये घर में ताला लगाकर गये थे। पार्टी मनाकर करीबन सवा 12 बजे वापस घर आए तो देखा मेन गेट का ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर दरवाजा का ताला लगे कुंडी टूटा हुआ था। अंदर प्रवेश कर देखे तो आफिस में स्थित टेबल के दराज में रखे 500-500 रूपये के बंडल करीब 5 लाख 50 हजार रूपये एवं नया नोट 10 रूपये, 20 रूपये, 50 रूपये, 100 रूपये के नोट लगभग एक लाख नहीं थे। कोई अज्ञात चोर रात्रि में घर के दरवाजे का ताला एवं कुंडी तोडक़र घर के अंदर प्रवेश कर दराज में रखे नगदी रकम साढ़े 6 लाख रूपये चोरी कर भाग गया है। रिपोर्ट पर अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया।
जांच के दौरान संदेही दीपक उर्फ विक्की भारती (25 वर्ष) निवासी प्रतिमा चौहान के घर के पीछे केलाबाड़ी चौकी पद्मनाभपुर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ करने पर बताया कि उसने दरम्यानी रात्रि में अखिलेश मिश्रा के घर का ताला तोडक़र अंदर प्रवेश कर दराज में रखे 6.50 लाख रूपये एवं पूजा स्थल से चांदी की प्लेट चोरी की है।
आरोपी दीपक भारती उर्फ विक्की के कब्जे से चोरी की रकम 1 लाख 40 हजार रूपये एवं चांदी की प्लेट तथा चोरी रकम में से 65 हजार रूपये लता भारती को छिपाकर रखने हेतु दिया था, जिसे जब्त कर लिया गया। आरोपी लता के विरुद्ध धारा 414, 34 अपराध साबित होने पर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।