दुर्ग

भिलाई मंडी को दुर्ग मंडी के करीब लाने का विरोध
21-Apr-2022 4:05 PM
भिलाई मंडी को दुर्ग मंडी के करीब लाने का विरोध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 अपै्रल। 
दुर्ग थोक सब्जी व्यापारी संगठन के पूर्व अध्यक्ष नासिर खोखर के नेतृत्व में दुर्ग के थोक सब्जी व्यापारियों ने विधायक अरुण वोरा को ज्ञापन देकर भिलाई   सब्जी मंडी को दुर्ग मंडी से 4 किलोमीटर दूर व्यवस्थापन करने का विरोध जताया। नासिर खोखर व सभी थोक व्यापारियों ने ज्ञापन में कहा कि प्रदेश में कहीं भी 3/4 किलोमीटर के दायरे में दो थोक सब्जी मंडी नहीं है। दोनों मंडी के बीच कम से कम 15 किलोमीटर की दूरी होना चाहिए।  प्रदेश में थोक सब्जी मंडियां शहर के किनारे या बाहर है शहर के बीचों बीच सब्जी मंडी खुलने से भारी वाहनों की आवाजाही के साथ यातायात की परेशानी वह आम जन को भी परेशानी हो सकती है। भविष्य को देखते हुए यह गंभीर समस्या आएगी।

भिलाई मंडी 1990 के समय पावरहाउस सुभाष मार्केट में होती थी, उसे आकाश गंगा लाया गया। अब उसे कोसा नाला के पास लाने से दुर्ग के करीब होने से दुर्ग के व्यापारियों को आर्थिक नुकसान होगा। साथ ही अहिवारा, बेरला व अन्य क्षेत्र के किसानों और विक्रेताओं को परेशानी के साथ ट्रांसपोर्टिंग खर्च भी बढ़ जायेगा। इसलिए व्यापारियों ने मांग की है कि भिलाई मंडी को दुर्ग मंडी के करीब न लाकर उसका उचित व्यवस्थापन दूसरी जगह किया जाए।

जिस पर विधायक अरुण वोरा ने भिलाई आयुक्त से तुरंत चर्चा की और भिलाई मंडी के व्यवस्थापन पर दुर्ग के व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखने कहा। साथ ही विधायक  अरुण वोरा आश्वासन दिया कि दुर्ग थोक सब्जी मंडी के व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखकर ही भिलाई मंडी का व्यवस्थापन किया जाएगा व उचित कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन देने वाले में थोक सब्जी व्यापारी संगठन के पूर्व अध्यक्ष नासिर खोखर, मुरली भद्रन, गोलू सिन्हा, खुमान सोनकर, सलाम परवेज, निलेश सिन्हा, मोहित कुमार, ललित सिन्हा, अकीब निजामी, जावेद खोखर, संजू ढीमर सहित अन्य व्यापारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट