दुर्ग
कल तालाब में मिली थी लाश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 अप्रैल। शहर के टप्पा तालाब के पास एक दिन पहले हुए हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि मृतक के मोहल्ले के ही युवकों ने सुनियोजित साजिश रच कर की। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग को कारण बताया गया है। हत्या की रात मृतक प्रकाश ठाकुर उर्फ समोसा नशे में होने के कारण अपना बचाव नहीं कर सका। आरोपियों ने मृतक द्वारा गले में पहने गए सोने के चैन को खींचकर उसका गला दबा दिया। जिससे प्रकाश ठाकुर की मौत हो गई। फिर हत्या को दूसरा रूप देेने आरोपियों ने मृतक का शव तालाब में फेंक दिया था।
हत्या के इस मामले में कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपी बलदाउ उर्फ हर्ष सारथी (19) मठपारा चंडी मंदिर के पीछे, लल्लन सारथी (19) मठपारा और मीर सारथी (20)मोहल्ला चंडी मंदिर के पीछे निवासी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 19 अपै्रल की सुबह मृतक प्रकाश ठाकुर उर्फ समोसा पिता परदेशी ठाकुर (20) निवासी शिवपारा दुर्ग की शव टप्पा तालाब में मिला था। सूचना पर थाना प्रभारी दुर्ग निरीक्षक भूषण एक्का हमराह स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का बारीकी से मुआयना किया एवं अपराध की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
मामला की गंभीरता को देखते हए पुलिस अधिकारियों ने कुल 4 टीमों को अज्ञात आरोपियों की पतासाजी हेतु लगाया गया। विशेष टीम द्वारा घटना स्थल जाकर बारीकी से निरीक्षण कर मृतक प्रकाश ठाकुर की सम्पूर्ण जानकारी एकत्रित की गई। पतासाजी के दौरान मृतक का रात लगभग 11बजे घर से बाहर घुमने निकलने की जानकारी मिली। मृतक का मोहल्ले की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
घटना दिनांक को रात्रि मृतक युवती से मिलने गया था। मृतक मोहल्ले के युवकों को देखकर भाग गया। जिसकी आरोपी बलदाउ उर्फ हर्ष सारथी ने अपने दोस्तों लल्लन सारथी और मीर सारथी को जानकारी दी और अपने दोस्तों के साथ बैठकर हत्या की सुनियोजित साजिश रची। रात्रि 2 बजे हनुमान मंदिर के पास मिलने की बात पर सभी सहमत होकर रात्रि 1 बजे सभी अपने अपने घर चले गए। बलदाउ उर्फ हर्ष सारथी रात्रि 2 बजे के लगभग अपने दोस्त लल्लन और मीर को इक_ा कर मृतक प्रकाश ठाकुर के पास गए, जो कि हनुमान मंदिर के पास बैठा हुआ था।
बलदाउ उर्फ हर्ष सारथी एवं उसके दोस्तों ने प्रकाश को शौच चलने की बात कहकर टप्पा तालाब के पास लेकर गए, तालाब पहुंचने के बाद बलदाउ उर्फ हर्ष सारथी ने प्रकाश को धक्का मारकर गिरा दिया और मीर सारथी ने प्रकाश का मुंह दबाकर रखा था। लल्लन सारथी नें उसका हाथ पकड़ा था, तभी बलदाउ उर्फ हर्ष सारथी ने पीछे से प्रकाश की गले में पहने चैन को खींचकर गला दबा दिया। जिससे प्रकाश ठाकुर की मौत हो गई। उसके बाद प्रकाश को टप्पा तालाब में धक्का देकर फेंक दिया गया और सभी आरोपी अपने अपने घर में जाकर सो गए।
पुलिस ने बताया कि दूसरे दिन सुबह 6बजे के लगभग घटना की जानकारी मिलने पर परिवारवालों ने जाकर तालाब में देखा तो प्रकाश ठाकुर मृत हालात में मिला। जिसकी सूचना पर थाना दुर्ग में मर्ग कायम कर मर्ग पंचनामा कार्यवाही में लिया गया। मृतक के दोस्तों की जानकारी इकट्ठा कर उनसे लगातार पूछताछ की गई। जिसमें उन्होंने लगातार कुछ भी जानकारी नहीं होना बताया। विशेष टीम द्वारा निरतंर पूछताछ एवं बार-बार कथन लेने से आरोपियों ने अपने अपराध स्वीकार कर लिया। मामले में कोतवाली पुलिस द्वारा धारा 302, 34 भादवि कायम कर विवेचना की जा रही है।