दुर्ग

हत्या का फरार आरोपी मुंगेली से गिरफ्तार
16-Apr-2022 2:51 PM
हत्या का फरार आरोपी मुंगेली से गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 अप्रैल।
घर से जबरन बिजली कनेक्शन लेने के विवाद पर युवक  की हत्या कर फरार हुए आरोपी को कोतवाली पुलिस ने मुंगेली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अपने मामा ससुर के घर जाकर छिपा हुआ था।
13 अप्रैल को राजीव नगर निवासी रोहित साहू पिता कमल साहू (35) का बिजली कनेक्शन लगाने की बात को लेकर आरोपी बबलू सोनकर के साथ विवाद हुआ था। इस पर गुस्साए आरोपी ने रोहित पर चाकू से गंभीर वार किया था। रोहित को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। हत्या करने के बाद आरोपी बबलू सोनकर फरार हो गया था। इसकी तलाश में पुलिस की टीम लगी हुई थी।

नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि आरोपी के सभी रिश्तेदारों की एक सूची तैयार की गई थी। इसके बाद  रायपुर सहित अन्य शहरों में अलग-अलग टीम आरोपी की तलाश में भेजी गई थी।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने मामा ससुर हरी सोनकर के घर मुंगेली में रह रहा है। एक टीम तुरंत मुंगेली के लिए रवाना की गई। पुलिस ने आरोपी बबलू सोनकर को गिरफ्तार किया।
 आरोपी ने रोहित साहू की हत्या करना स्वीकार किया। बबलू सोनकर ने घटना में प्रयुक्त चाकू को अपने ही घर में छुपा कर रखा था, जिसे पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।

 


अन्य पोस्ट