दुर्ग
आरोपियों के पास से तलवार एवं मोटरसाइकिल जब्त की गई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 14 अप्रैल। नेवई थाने के आरक्षक एवं प्रधान आरक्षक के साथ धक्का-मुक्की कर तलवार दिखाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से तलवार एवं मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार आरक्षक चंदन भास्कर थाना नेवई 11-12 अप्रैल की दरम्यानी रात शासकीय वाहन क्रमांक सीजी 03-7532 से सउनि सुरेन्द्र सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक सूरज पाण्डेय, चालक आरक्षक प्रशांत साहू के साथ रात्रि गश्त पेट्रोलिंग ड्यूटी पर रवाना हुए, इन्हें सूचना मिली कि क्वार्टर नंबर 169/ए रिसाली सेक्टर के पास दो युवक एक मोटर सायकल में तलवार लेकर घूम रहे हैं।
सूचना पर तस्दीक हेतु रवाना हो मौके पर रात्रि करीब 12:35 बजे पहुंचे, जहां दो युवक एक मोटर सायकल बिना नंबर में बैठे मिले। राजपूत द्वारा इतनी रात को यहां कैसे बैठे हो, पूछने पर उनमें से एक युवक बोला कि तुम पुलिस वाले यहां क्यों आ गये और गाली देने लगा। इसके बाद पीठ के पीछे रखी धारदार तलवार निकाल लिया।
आरक्षक चंदन भास्कर एवं मेजर सूरज ने उससे तलवार छिनने की कोशिश की तो वह और उसका साथी सौरभ शर्मा दोनों मिलकर पुलिस आरक्षक एवं प्रधान आरक्षक से धक्का मुक्की करने लगे। इससे चंदन की वर्दी का नेम प्लेट टूट गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों पुलिस कर्मियों ने तलवार छीना और दोनों को थाना लाए।
आरोपी रूद्र प्रताप सिंह (21 वर्ष) रिसाली एवं सौरभ शर्मा (23 वर्ष) के खिलाफ धारा 186, 294, 323, 506 एवं 25-27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया।